कोटा सड़क हादसे पर पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
PM Modi On Kota Road Accident: राजस्थान के कोटा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 9 श्रद्धालुओं की मौत से पूरे इलाके में शोक है. खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं. इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. पीएम मोदी ने मृतकों के परिवारों और घायलों के लिए आर्थिक मदद का भी ऐलान किया है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि कोटा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है. राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
उपराष्ट्रपति ने भी जताया शोक
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में लोगों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें इस मुश्किल समय में दुख सहने की ताकत दे. साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की.
पीएम मोदी ने आर्थिक मदद का किया ऐलान
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, पीएम मोदी ने भी कोटा हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं. प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.
इसके साथ ही पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे.
ट्रक से टकराई श्रद्धालुओं की गाड़ी
बता दें कि यह हादसा शनिवार देर रात कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शंभूपुरा गांव के पास हुआ. एक परिवार के लोग खाटूश्यामजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई.
ये भी पढ़ें- पहली विदेश यात्रा के लिए चुना भारत: दिल्ली आ रहे नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह, सोमवार को मोदी संग होगी बड़ी डील
हादसा इतना भीषण था कि परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं. वहीं, 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, गाड़ी चला रहे ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






