Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘बाहर से नहीं आएगा एक भी लीटर दूध : ईटानगर में अमित शाह ने रखा आत्मनिर्भर अरुणाचल का प्लान

ईटानगर में सहकारिता समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अरुणाचल प्रदेश को दूध, अंडे, मांस और मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया, जिससे 32,000 परिवारों को लाभ मिलेगा.

Amit Shah Arunachal Speech 4 Times Funding 3 Airports Self Reliance In Milk Eggs Meat Fish Itanagar

PHOTO CREDIT: ANI

अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को ईटानगर के दोर्जी खांडू राज्य कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सहकारिता समारोह से राज्य के विकास और आत्मनिर्भरता का बड़ा विजन रखा. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि अरुणाचल को दूध, अंडे, मांस और मछली के लिए बाहर के राज्यों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए. शाह ने अपील की कि स्थानीय स्तर पर इतना उत्पादन हो कि एक भी लीटर दूध या डेयरी प्रोडक्ट बाहर से न मंगाना पड़े. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने से कम से कम 32,000 परिवार आत्मनिर्भर बन सकेंगे और इसके लिए NCDC व NABARD से जरूरी पूंजी की मदद भी मिलेगी.

महिला समूहों को दिया स्वावलंबन का मंत्र

गृह मंत्री ने सुझाव दिया कि राज्य सरकार को मछली पालन और डेयरी उत्पादन से जुड़ी योजनाएं स्वावलंबन को केंद्र में रखकर बनानी चाहिए. उन्होंने कोऑपरेटिव संस्थाओं और महिला सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स से इस चुनौती को स्वीकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि कम पूंजी वाले ये काम ग्रामीण अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदल सकते हैं.

4 गुना फंड और 3 एयरपोर्ट का हिसाब

अपने संबोधन में अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आजादी के बाद लंबे शासन का हिसाब मांगा. आंकड़े रखते हुए उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस सरकार में अरुणाचल को 33,530 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि 2014 से 2024 के दौरान मोदी सरकार ने 1,49,664 करोड़ रुपये दिए, जो चार गुना अधिक है. डिवोल्यूशन फंड में 18 गुना और ग्रांट-इन-एड में डेढ़ गुना बढ़ोतरी हुई है.

हवाई संपर्क का जिक्र करते हुए शाह ने बताया कि मोदी सरकार के आने के बाद राज्य में दोनियापोलो, होलोंगी और तेजू सहित तीन एयरपोर्ट बने हैं. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मुख्यमंत्री की मांग पर एयर इंडिया के नए बेड़े से पहली उड़ान ईटानगर-दिल्ली रूट पर शुरू करने को लेकर बातचीत हो चुकी है.

यह भी पढ़ें: पलायन खत्म, विकास की रफ्तार तेज: चीन बॉर्डर के 40 गांवों में घर वापसी, शाह ने लॉन्च किए 5,610 करोड़ के काम

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism