Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘रामपुर वाले चचाजान से लें एक्सपर्ट एडवाइस…’, अखिलेश पर जमकर बरसे ओम प्रकाश राजभर, स्टेपनी वाले बयान पर खोला मोर्चा

OP Rajbhar: योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. रामपुर वाले चचाजान का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा प्रमुख को उनसे सियासी सलाह लेने की नसीहत दी.

op-rajbhar-attack-akhilesh-yadav-rampur-chachajan

अखिलेश यादव पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला

OP Rajbhar: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने अखिलेश के बयानों पर सवाल उठाया और उन्हें ‘रामपुर वाले चचाजान’ से सलाह लेने की नसीहत दे डाली.

राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव पर खूब निशाना साधा. उन्होंने लिखा कि अच्छे व्यवहार के लिए अच्छी संगत जरूरी होती है. जब संगत अच्छी नहीं होगी तो जुबान भी अच्छी नहीं रहेगी. राजभर ने अखिलेश के बयानों को लफंदरों की भाषा करार दिया. उन्होंने कहा कि अब इनके मुंह से ‘इसको उड़वा दूंगा’, ‘उसको उठवा लूंगा’ और ‘पुलिस से स्टेपनी बदलवाउंगा’ जैसी बातें निकल रही हैं.

आजम खान के बहाने अखिलेश पर कसा तंज

ओम प्रकाश राजभर ने अपने पोस्ट में रामपुर वाले ‘चचाजान’ का जिक्र करते हुए अखिलेश पर निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि चचाजान के लौट आने से अखिलेश को बहुत खुशी हुई है या फिर उन्हें कोई बड़ा सदमा लगा है. राजभर ने अखिलेश को सलाह दी कि वे अपने बड़े-बुजुर्गों के साथ बैठकर उनसे सियासी समझ लें. चाहें तो वो रामपुर वाले चचाजान से ही ‘एक्सपर्ट एडवाइस’ ले सकते हैं.

राजभर ने आजम खान पर भी जबरदस्त हमला बोला. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 10 साल पहले चचाजान भी सरकारी कर्मचारियों को गुलाम और ‘तनखइया’ समझते थे. उस समय पुलिस से अपनी भैंस ढूंढने जैसे काम कराए जाते थे. राजभर ने तंज किया कि इतने साल बाद उनकी जुबान भले ही पूरी तरह न बदली हो, लेकिन पहले से थोड़ी नरम जरूर हुई है.

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का उठाया मुद्दा

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव के बयानों को सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से भी जोड़ दिया. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने के लिए मेहनत कर रहे हैं. ऐसे में नेताओं को अपनी बयानबाजी से उनका मनोबल नहीं गिराना चाहिए.

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश की बातें सुनकर उनके समर्थक भले ही तालियां बजाएं, लेकिन नौकरी की तैयारी कर रहे युवा इन बयानों को समझ रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि युवाओं को पता है कि 10 साल पहले सरकारी सिस्टम पर किस तरह का दबदबा था और सरकारी कर्मचारियों को किस नजर से देखा जाता था. इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के पुराने शासनकाल पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि 10 साल पहले ‘सैफई सिंडिकेट’ और उसका माफियातंत्र सरकारी सिस्टम को अपने हिसाब से चलाता था. सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ और ‘गुलाम’ समझा जाता था.

उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है. उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़ी संख्या में ऐसे युवा भर्ती हुए हैं, जो अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर नौकरी में आए हैं. उन्होंने दावा किया कि ये पुलिसकर्मी किसी की सिफारिश या पैसे के दम पर नहीं, बल्कि अपनी योग्यता के आधार पर भर्ती हुए हैं.

ये भी पढ़ें- तस्वीर पर बवाल, मंच से सीधा वार! सम्राट चौधरी ने खोली विरोधियों की पोल, पीएम मोदी के दौरे ने पलट दी बिहार की बाजी

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को लंबी-लंबी बातें करने से बचने की सलाह दी. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाकर सरकारी कागजों पर हस्ताक्षर कराए जाते थे. उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे तौर-तरीकों को 10 साल पहले ही नकार चुकी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism