Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पीएम मोदी के किस मंत्र से 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले? निर्मला सीतारमण ने सबकुछ बताया

Nirmala Sitharaman On Poverty Alleviation India: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लिंक्डइन पर साझा अपने लेख में कहा है कि बीते एक दशक में भारत ने तात्कालिक राहत के बजाय गरीबी की जड़ों पर प्रहार करते हुए इसकी तस्वीर बदल दी है. जानिए उन्होंने इसके पीछे पीएम मोदी के कौन से मंत्र को कारण बताया है?

Nirmala-Sitharaman-LinkedIn-Post-On-Poverty-Reduction-India

Nirmala Sitharaman On Poverty Alleviation India: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लिंक्डइन पर साझा अपने विस्तृत लेख में कहा है कि बीते एक दशक ने भारत में गरीबी को लेकर पुरानी सोच और जमीनी हकीकत को बदल दिया है. उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ के मंत्र को अपनाते हुए तात्कालिक राहत के बजाय गरीबी को जन्म देने वाली जड़ों पर काम किया गया, जिससे बुनियादी सुविधाओं और आजीविका के अवसरों का विस्तार हुआ.

विश्व बैंक रिपोर्ट और किफिरे की ‘लखपति दीदी’ एस्थर की याद (Nirmala Sitharaman LinkedIn post poverty India)

निर्मला सीतारमण ने एक वर्ष पहले नागालैंड के आकांक्षी जिले किफिरे के दौरे को याद करते हुए बताया कि वहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी आदिवासी महिला और ‘लखपति दीदी’ एस्थर ने गर्व से साझा किया कि उनके मोटे अनाज से बने उत्पाद ऑनलाइन माध्यम से देश के दूर-दराज के ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं.

वित्त मंत्री ने उन्हें और बड़े सपने देखकर ‘करोड़पति दीदी’ बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी के चक्र से बाहर निकले हैं और देश में अत्यधिक गरीबी लगभग समाप्त हो चुकी है.

सेहत, सम्मान और सुरक्षा चक्र की प्रमुख उपलब्धियां

वित्त मंत्री के अनुसार, पक्की छत, साफ पानी, शौचालय और इलाज की सुविधा के बिना परिवार असुरक्षित रहते हैं. इसमें स्वच्छता और पेयजल के साथ सामाजिक सुरक्षा के लिए किए गए काम सबसे कारगर साबित हुए है.

स्वच्छता और पेयजल: स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालयों के निर्माण से सम्मान मिला और एक अनुमान के अनुसार हर साल 60 से 70 हजार शिशुओं की अकाल मृत्यु रोकने में मदद मिली. जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण घरों में नल से जल के कनेक्शन 2019 के करीब 3 करोड़ से बढ़कर लगभग 16 करोड़ तक पहुंच गए हैं.

सामाजिक सुरक्षा: उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना और आयुष्मान भारत जैसी पहलों ने घरेलू खर्च घटाया और परिवारों को दोबारा गरीबी में फिसलने से बचाया.

बैंक खाते से उद्यमिता और महिला सशक्तीकरण तक

लेख के मुताबिक, 59 करोड़ से अधिक ‘जन धन’ खातों और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर ने बिना बिचौलिए के सीधे लाभ पहुंचाया और वित्तीय रिकॉर्ड तैयार किया. वित्त मंत्री ने दो महीने पहले मिलीं पश्चिम बंगाल की मुद्रा लाभार्थी सुष्मिता घराई का उदाहरण दिया, जिन्होंने बिना गारंटी वाले मुद्रा ऋण से अपना प्रिंटिंग व्यवसाय फिर खड़ा किया और अब आठ लोगों को रोजगार दे रही हैं.

ये भी पढ़ें: भारत-नेपाल के बीच 8 समझौते साइन, पीएम मोदी ने दी 25 हजार करोड़ की सौगात; बैठक में और क्या हुआ?

उन्होंने बताया कि अब तक मुद्रा योजना के तहत 60 करोड़ ऋण खाते स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें लगभग दो-तिहाई महिलाओं के हैं, जबकि पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा भी कारीगरों व रेहड़ी-पटरी वालों को संबल दे रहे हैं. साथ ही, 10 करोड़ ग्रामीण महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिनमें से 3.7 करोड़ से अधिक ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और ‘नमो ड्रोन दीदी’ आधुनिक सेवाएं दे रही हैं.

2047 तक ‘विकसित भारत’ का अगला चरण (Viksit Bharat 2047 Nirmala Sitharaman)

निर्मला सीतारमण ने लिखा कि अब ठहरने का समय नहीं है और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य के लिए विकास की सीढ़ी के सबसे निचले पायदान पर बचे लोगों को भी गरीबी से बाहर निकालना होगा. वित्त, बाजार और डिजिटल अर्थव्यवस्था तक आम लोगों की पहुंच व्यापक बनाने के साथ रोजगार से जुड़े प्रोत्साहन, इंटर्नशिप, अप्रेंटिसशिप और आधुनिक बुनियादी ढांचे में निवेश को आगे बढ़ाते हुए 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति से इस संकल्प को पूरा करने पर बल दिया गया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism