मनरेगा कानून से जुड़े ‘विकसित भारत-जी राम जी 2025’ अधिनियम के प्रावधानों को लागू न करने और जिलों में लोकपाल की नियुक्ति न होने के मामले पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने इस संबंध में दाखिल एक जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करते हुए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. यह याचिका पीपुल्स यूनियन फॉर सिविल लिबर्टीज (PUCL) के प्रदेश अध्यक्ष टीडी भास्कर और प्रदेश सचिव चित्तजीत मित्रा की ओर से दाखिल की गई है, जिस पर अधिवक्ता केके राय और चार्ली प्रकाश ने अदालत के समक्ष पक्ष रखा.
क्या है पूरा मामला?
याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट को बताया गया कि नया कानून ‘विकसित भारत-जी राम जी’ दिसंबर 2025 से प्रभावी हुआ था. इसके शेड्यूल-एक के पैरा 29 में स्पष्ट प्रावधान है कि योजना में भ्रष्टाचार, कदाचार और अनियमितताओं को रोकने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा कार्यों की समयबद्ध निगरानी के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में लोकपाल की नियुक्ति की जाएगी.
दलील दी गई कि कानून लागू हुए आठ महीने से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद राज्य के 72 जिलों में कहीं भी लोकपाल की तैनाती नहीं की गई है. याचिका में इसे कानून की भावना के साथ खिलवाड़ और सरकारी स्तर पर लापरवाही बताया गया है.
निगरानी न होने से बढ़ रही गड़बड़ियों की आशंका
अधिवक्ताओं ने अदालत का ध्यान इस ओर दिलाया कि जिलों में लोकपाल जैसी स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था न होने के कारण योजना के क्रियान्वयन में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे जमीनी स्तर पर योजना की प्रगति प्रभावित हो रही है.
इसी आधार पर याचिका में मांग की गई है कि सरकार को तत्काल प्रभाव से सभी जिलों में लोकपाल नियुक्त करने का आदेश दिया जाए. फिलहाल हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र व राज्य सरकार से अपना पक्ष रखने को कहा है.
यह भी पढ़ें: साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ 2018 से लंबित आपराधिक मानहानि के मामले में गैर जमानती वारंट किया जारी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





