Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मकान का कब्जा दिलाने के लिए कोर्ट के बेलिफ ने मांगे 70 हजार, ACB ने फिल्मी स्टाइल में दबोचा

Palwal Court Bailiff Arrested: पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ श्याम सुंदर को ACB ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने मकान का कब्जा दिलाने के बदले 70 हजार रुपये मांगे थे और 20 हजार रुपये पहले ही ले चुका था.

palwal-court-bailiff-arrested-bribery-case

पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ को एसवी एंड एसीबी की टीम ने आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते दबोचा (इमेज- Bharat Express)

Palwal Court Bailiff Arrested: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की फरीदाबाद इकाई के उपकेंद्र पलवल की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए जिला न्यायालय, पलवल में बेलिफ के पद पर तैनात श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है.

शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी, आईटीआई के नजदीक, पलवल स्थित 287 वर्ग गज का दो मंजिला मकान खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था. बाद में इस मकान को लेकर विवाद होने पर मामला अदालत में पहुंचा. अदालत के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराई गई और उसे मकान का कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी किए गए.

मांगी थी 70 हजार रुपये की रिश्वत

शिकायतकर्ता के अनुसार मकान का कब्जा दिलाने के लिए अदालत द्वारा आरोपी श्याम सुंदर को बेलिफ के रूप में नियुक्त किया गया था. इसी दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसे मकान का कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया और इसके बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की. आरोप है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को 20 हजार रुपये नकद दे चुका था. इसके बाद आरोपी लगातार शेष 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था.

Palwal Court Bailiff Arrested

आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जिसके बाद पीड़ित की शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. टीम ने आरोपी श्याम सुंदर को आगरा चौक, पलवल पर उसकी मारुति सुजुकी बलेनो कार, नंबर एचआर-30-डब्ल्यू-9955 में बैठकर शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली.

इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने ट्रैप का नेतृत्व किया, जबकि राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री ओम दत्त, एक्सईएन, एफएमडीए, फरीदाबाद उपस्थित रहे. ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई. आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले ली गई 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. मामले में आगामी जांच जारी है.

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए यहां करें शिकायत

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी भी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के शहजाद भट्टी का आतंकी उजेद उर्फ उबैद मेरठ से गिरफ्तार, सैन्य एयरबेस पर हमले की तैयारी का शक

इसके अतिरिक्त, नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो और ऑडियो जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं. ऐप के माध्यम से शिकायतकर्ता अपनी शिकायत से संबंधित आवश्यक जानकारी और साक्ष्य सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism