Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

यूपी में सरकार बनने पर हर गरीब को 20 लाख रुपये, चंद्रशेखर का बयान वायरल; जानें सच

नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नाम से सोशल मीडिया पर एक फर्जी ग्राफिक वायरल हो रहा है, जिसमें यूपी चुनाव जीतने के बाद हर गरीब के खाते में 20-20 लाख रुपये भेजने का दावा किया गया है.

Viral Claim That Chandrashekhar Azad Promised 20 Lakh Rupees To Poor After UP Election Win Is Fake

उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में साल 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की हलचल तेज होते ही सोशल मीडिया पर भ्रामक दावों का दौर भी शुरू हो गया है. इन दिनों नगीना से लोकसभा सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नाम से एक ग्राफिक तेजी से शेयर किया जा रहा है. इसमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद हर गरीब के खाते में 20-20 लाख रुपये भेजने का वादा किया है.

क्या है वायरल बयान?

दरअसल, एक फेसबुक पेज ने 16 नवंबर 2026 को पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘सरकार बनी तो हर गरीब के खाते में आएंगे 20-20 लाख रुपये? चंद्रशेखर आजाद के ऐलान की चर्चा! नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नाम से 20-20 लाख रुपये देने का यह वादा सोशल मीडिया पर चर्चा में है. गरीबों, मजदूरों और आम जनता के आर्थिक अधिकारों को लेकर किए गए इस दावे पर अब लोगों की निगाहें हैं. आखिर यह घोषणा किस संदर्भ में की गई और इसे पूरा करने की क्या योजना है? आपकी इस घोषणा पर क्या राय है? कमेंट में अपनी बात जरूर लिखें.’

क्या सच में चंद्रशेखर आजाद ने किया 20 लाख रुपये देने का ऐलान?

जब इसकी सच्चाई जानने के लिए अलग-अलग कीवर्ड्स के जरिए सर्च किया, तो किसी भी विश्वसनीय मीडिया संस्थान पर ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली. इसके बाद हमने चंद्रशेखर आजाद के आधिकारिक फेसबुक और ‘एक्स’ अकाउंट्स को भी खंगाला, लेकिन वहां भी 20 लाख रुपये देने जैसी किसी घोषणा का कोई जिक्र नहीं मिला.

जांच के दौरान 12 नवंबर 2026 को एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया उनका भाषण मिला, जो उन्होंने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन की घोषणा के बाद दिया था. उस पूरे संबोधन में भी कहीं 20 लाख रुपये भेजने की बात नहीं कही गई थी.

यही नहीं, जब इस वायरल ग्राफिक को लेकर खुद सांसद चंद्रशेखर आजाद से संपर्क कर पुष्टि की गई, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्होंने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया.

चुनावी गठबंधन के बीच मुजफ्फरनगर के पेज से फैली अफवाह

गौरतलब है कि आगामी यूपी चुनावों को देखते हुए चंद्रशेखर आजाद और हैदराबाद सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (SPM) के नाम से नए गठबंधन का ऐलान किया है.

वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे और चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 जनवरी 2027 के आसपास होने के संकेत हैं.

दूसरी ओर, फर्जी पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक पेज की पड़ताल में सामने आया कि यह पेज उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से संचालित होता है, जिसे साल 2014 में बनाया गया था और इसके 55 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. स्पष्ट है कि चुनावी माहौल के बीच सियासी भ्रम फैलाने के मकसद से चंद्रशेखर आजाद के नाम पर मनगढ़ंत बयान वायरल किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: बिहार में लड़की के अपहरण का वायरल वीडियो फर्जी, जानें क्या है सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism