रिपोर्ट- राजीव तिवारी, दिल्ली
भारत में सड़क, पुल, बंदरगाह और दूसरी बड़ी निर्माण परियोजनाओं का काम लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में इन परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाली मशीनों और उपकरणों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है. इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है.
सरकार की इस पहल का सीधा मकसद है कि भारत में ही आधुनिक निर्माण मशीनें और उनके जरूरी कलपुर्जे तैयार किए जाएं. इससे दूसरे देशों से इन उपकरणों को मंगाने की जरूरत कम होगी और भारतीय कंपनियों को भी अपना कारोबार बढ़ाने का मौका मिलेगा.
आठ साल तक चलेगी योजना, कंपनियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इस योजना को भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा. इसके लिए वित्त वर्ष 2026-27 से लेकर 2033-34 तक का समय तय किया गया है. यानी यह योजना कुल आठ साल तक चलेगी.
इसके तहत पात्र कंपनियों को पांच साल तक बिक्री के आधार पर आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा. प्रोत्साहन की दर 13 प्रतिशत से शुरू होकर 8 प्रतिशत तक रहेगी. सरकार को उम्मीद है कि इस मदद से कंपनियां नई तकनीक अपनाने के साथ-साथ देश में अपनी उत्पादन क्षमता भी बढ़ा सकेंगी.
योजना में सिर्फ मशीनों के उत्पादन पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि उनकी जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी तैयार की जाएगी. इसके लिए देश में आधुनिक तकनीक से लैस CIE टेस्टिंग सुविधा स्थापित की जाएगी. इस सुविधा को विकसित करने के लिए सरकार की ओर से 375 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा.
किन मशीनों के निर्माण पर रहेगा जोर?
सरकार की योजना में उन भारी मशीनों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी जरूरत बड़े निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में पड़ती है. इनमें शिप-टू-शोर क्रेन, टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर और ऑफ-हाईवे ट्रक जैसे आधुनिक उपकरण शामिल हैं.
इन मशीनों का इस्तेमाल बंदरगाहों, सुरंगों, सड़कों और बड़े निर्माण कार्यों में किया जाता है. फिलहाल इस क्षेत्र में घरेलू उत्पादन को मजबूत करने की काफी गुंजाइश है. ऐसे में सरकार चाहती है कि भारतीय कंपनियां भी इन मशीनों के निर्माण में अपनी मजबूत पहचान बनाएं.
2029-30 तक दोगुने से ज्यादा हो सकता है बाजार
भारत का निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरण उद्योग पहले से ही दुनिया के बड़े बाजारों में शामिल है. चीन और अमेरिका के बाद भारत इस क्षेत्र में तीसरे स्थान पर है. वित्त वर्ष 2024-25 में इस उद्योग का बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये का था.
सरकार के अनुमान के मुताबिक, आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में कारोबार और तेजी से बढ़ सकता है. सड़क निर्माण, बंदरगाहों के विस्तार और आवास परियोजनाओं में निवेश बढ़ने के कारण वित्त वर्ष 2029-30 तक यह बाजार करीब 2.28 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है.
रोजगार के साथ भारतीय कंपनियों को भी मिलेगा फायदा
इस योजना का असर केवल मशीन बनाने वाली कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा. घरेलू स्तर पर उत्पादन बढ़ने से कलपुर्जे बनाने वाली छोटी और मध्यम कंपनियों को भी नए अवसर मिल सकते हैं. इसके अलावा फैक्ट्रियों में उत्पादन बढ़ने से तकनीकी कर्मचारियों, इंजीनियरों और अन्य कामगारों के लिए रोजगार के रास्ते खुल सकते हैं.
सरकार का मानना है कि घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा मिलने से आयात पर निर्भरता घटेगी और भारतीय कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बेहतर तरीके से मुकाबला कर सकेंगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





