कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को उनके पासपोर्ट से जुड़े एक मामले में नोटिस मिला है. चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उनसे उनके जन्मस्थान संबंधी विवरण पर स्पष्टीकरण मांगा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि सौरव दास को सात दिनों के भीतर जवाब देना होगा. साथ ही उन्हें फिलहाल अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह भी दी गई है.
एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद कार्रवाई
विदेश मंत्रालय के अनुसार यह नोटिस 23 नवंबर को जारी किया गया था. रणधीर जायसवाल ने कहा कि कानून लागू करने वाली एजेंसियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर यह कदम उठाया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि पासपोर्ट बनवाते समय सभी जानकारी सही और पूरी तरह तथ्यात्मक देना जरूरी होता है. अगर किसी आवेदन में तथ्यों को छिपाने या गलत जानकारी देने की आशंका सामने आती है, तो संबंधित व्यक्ति से स्पष्टीकरण मांगा जाता है.
जन्मस्थान को लेकर उठे सवाल
जायसवाल ने बताया कि इस मामले में मुख्य रूप से सौरव दास के जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी पर जवाब तलब किया गया है. उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है. विदेश मंत्रालय का कहना है कि नियमों के तहत किसी भी संदिग्ध जानकारी की जांच करना पासपोर्ट अधिकारियों की जिम्मेदारी है और इसी प्रक्रिया के तहत यह नोटिस भेजा गया है.
लंदन यात्रा पर रोक का किया था दावा
इस विवाद से पहले सौरव दास ने आरोप लगाया था कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर ब्रिटेन जाने वाली उड़ान में चढ़ने से रोक दिया गया. उनके अनुसार वह देर रात करीब 1 बजे की फ्लाइट से लंदन रवाना होने वाले थे, लेकिन इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है.
ऑक्सफोर्ड सहित कई संस्थानों में था कार्यक्रम
सौरव दास ने कहा था कि वह ब्रिटेन में आयोजित ‘कॉकरोच मूवमेंट’ विषय पर एक पैनल चर्चा में हिस्सा लेने जा रहे थे. उनके मुताबिक इस कार्यक्रम का आयोजन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन की ओर से किया गया था. उन्होंने यह भी दावा किया था कि उन्हें कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग में भी संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया था.
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा. उनका आरोप था कि उन्हें विदेश में अपनी बात रखने से रोकने की कोशिश की जा रही है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस घटनाक्रम से उनके काम पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वह भविष्य में भी विदेश यात्राएं जारी रखेंगे.
ये भी पढ़ें-‘इंशाअल्लाह, चेकपोस्ट उड़ा दूंगा..’, कौन है उजैद? वाट्सऐप में बना रहा था ब्लास्ट का प्लान, चैट वायरल
CJP संस्थापक भी आए समर्थन में
इस मामले में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े कुछ लोगों को सौरव दास का ऑक्सफोर्ड में भाषण देना पसंद नहीं था. वहीं सौरव दास ने दोहराया कि वह अपने अभियान और सार्वजनिक गतिविधियों को जारी रखेंगे तथा आगे भी अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेते रहेंगे.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



