सपा के घोषणापत्र पर मायावती का हमला
Mayawati On SP Manifesto: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की बिसात बिछने लगी है. समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. नाम रखा है ‘जन-मन का घोषणापत्र’. अखिलेश यादव की पार्टी का दावा है कि इस घोषणापत्र में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है. लेकिन सपा के इस दावे पर मायावती ने सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने घोषणापत्र को खोखला बताते हुए ऐसा तंज कसा है कि अब सपा को भी जवाब देना पड़ सकता है.
मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि सपा का ‘जन-मन का घोषणापत्र’ असल में उसके कथित PDA एजेंडे जैसा ही है. यानी बातें बड़ी-बड़ी हैं, लेकिन जमीन पर उतरने की उम्मीद कम है. मायावती ने इसके लिए एक पुरानी कहावत भी याद दिलाई- ‘थोथा चना बाजे घना’.
बसपा सुप्रीमो यहीं नहीं रुकीं. उन्होंने सपा पर गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. मायावती का कहना है कि सपा की राजनीति में इन वर्गों के कल्याण, सम्मान और सुरक्षा से ज्यादा तरजीह संकीर्ण जातिवादी सोच और अमीरों के हितों को दी जाती रही है.
1. यूपी में समाजवादी पार्टी द्वारा ’जन-मन का मेनिफेस्टो’ के नाम से कल जारी किया गया इनका यह ’प्रण-पत्र’ इनके कथित पीडीए की तरह ही कोरा हवाहवाई तथा ’थोथा चना बाजे घना’ की कहावत को ही चरितार्थ करने वाला ज़्यादा है।
2. वैसे भी इस पार्टी का स्वभाव जग जा़हिर तौर पर ग़रीबों, दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों आदि के वास्तविक हित, कल्याण, उनका मान-सम्मान व सुरक्षा आदि के विरुद्ध अधिकतर संकीर्ण व जातिवादी तथा धन्नासेठ-समर्थक भी रहा है, जिसका एक ताज़ा उदाहरण यूपी से राज्यसभा हेतु हाल ही में हुये द्विवार्षिक चुनाव में पीडीए को प्रश्रय देने के बजाय बड़े धन्नासेठ को प्राथमिकता देना है। ऐसी नीतियों एवं कार्यकलापों से प्रदेश की अपार ग़रीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन व पलायन आदि की गंभीर समस्या क्या कभी दूर हो पायेगी। कभी नहीं।
3. इन बातों से से यह भी साबित है कि इनका ’जन-मन घोषणापत्र’ वास्तव में ’धन-मन वादी’ अधिक है तथा समाज के अच्छे लोगों के बजाय ऐसे ही धनी एवं बाहुबलियों आदि को चुनाव मैदान में भी उतारेगी जो देश, समाज व जनहित की चिन्ता कम व अपने खुद के लाभ व स्वार्थ में ही लगातार डूबे रहते हैं।
4. वैसे भी ’हर हाथ को काम’ तथा ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ आदि विशुद्ध रूप से बी.एस.पी. की नीति व सिद्धान्त हैं तथा जिस सर्वसमाज व सर्वजन-हितैषी एजेण्डा पर बी.एस.पी. की यूपी में अब तक रही चारों सरकारों में पूरी ईमानदारी व निष्ठा से अमल करके भी दिखाया गया है, जो कि विरोधी पार्टियों में भी खा़सकर सपा, कांग्रेस व भाजपा आदि के बलबूते की बात नहीं है, यह सभी जानते/मानते हैं।
5. इसके साथ ही, सपा के दामन पर भी ख़ासकर एससी, एसटी व ओबीसी आरक्षण विरोधी रवैया तथा यूपी को जातिवादी द्वेष व दंगा-युक्त प्रदेश बनाने सहित जनहित व जनकल्याण के अहम् मुद्दों पर लगे धब्बों को जनता भला कैसे भुला पायेगी? कुल मिलाकर, सपा की बातें, वादे, दावे व घोषणायें आदि चुनावी छल व छलावा हैं, लोग ज़रूर सावधान रहें।— Mayawati (@Mayawati) November 27, 2026
अखिलेश ने दी उद्योगपतियों को प्राथमिकता
अपने आरोपों को धार देने के लिए मायावती ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने PDA के हितों को आगे रखने के बजाय एक बड़े उद्योगपति को प्राथमिकता दी. मायावती ने सवाल उठाया कि अगर पार्टी की नीतियां इसी तरह चलती रहीं तो यूपी से गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन कैसे खत्म होगा? उनके मुताबिक, ऐसी नीतियों से इन समस्याओं का हल निकलना मुमकिन नहीं है.
मायावती ने सपा के घोषणापत्र को ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा चुनाव में भी ऐसे धनी और बाहुबली लोगों को टिकट देगी, जिन्हें जनता की समस्याओं से ज्यादा अपने फायदे की चिंता रहती है.
इसके बाद मायावती ने अपनी पार्टी की राजनीति का भी हिसाब रखा. उन्होंने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और कानून का राज बसपा की नीति और सिद्धांत रहे हैं. उनका दावा है कि यूपी में बसपा की चारों सरकारों ने सर्वसमाज के हित में काम किया. साथ ही उन्होंने सपा, कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों के लिए ऐसा करना आसान नहीं है.
सपा ने यूपी को बनाया दंगों का प्रदेश
आखिर में मायावती ने सपा को आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का रवैया एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के खिलाफ रहा है. साथ ही यूपी को जातिवादी तनाव और दंगों वाला प्रदेश बनाने का आरोप भी लगाया.
ये भी पढ़ें- ‘योगी नहीं तो यूपी नहीं…’ अचानक योगी-योगी करने लगे संजय राउत, अब क्या करेंगे अखिलेश यादव?
कुल मिलाकर, सपा ने चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र के जरिए जनता के सामने वादों की पोटली रखी है, तो मायावती ने उसी पोटली को खोलकर सवालों की झड़ी लगा दी है. यूपी की सियासत में मुकाबला अभी शुरू ही हुआ है, लेकिन एक बात साफ है- चुनावी लड़ाई में घोषणापत्र के साथ-साथ एक-दूसरे के पुराने रिकॉर्ड भी खूब उछाले जाएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




