Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

टिंडर, बंबल से ChatGPT तक… भविष्य बताने के नाम पर AstroTalk कर रहा फोन की जासूसी?

Astrotalk Data Privacy: एस्ट्रोटॉक पर कंटेंट क्रिएटर प्रथमेश भोसले ने 244 ऐप्स की जानकारी जुटाने और यूजर डेटा सर्वर पर भेजने का आरोप लगाया है. कंपनी ने डेटा कलेक्शन को सुरक्षा से जुड़ा बताया है.

astrotalk-app-data-privacy-apps-tracking-allegations

भविष्य बताने के नाम पर AstroTalk कर रहा फोन की जासूसी?

Astrotalk Data Privacy: आप अपना भविष्य जानने के लिए एस्ट्रोलॉजर से बात करते हैं. शादी कब होगी, नौकरी कब मिलेगी, पैसा कब आएगा… ऐसे कई सवाल पूछते हैं. लेकिन सोचिए, जिस ऐप पर आप अपना भविष्य जानने पहुंचे हैं, अगर वही आपके फोन की दूसरी गतिविधियों पर नजर रखने लगे तो?

ऑनलाइन ज्योतिष सेवा देने वाले एस्ट्रोटॉक (AstroTalk) को लेकर ऐसा ही एक मामला सामने आया है. कंटेंट क्रिएटर प्रथमेश भोसले ने दावा किया है कि उन्होंने ऐप की रिवर्स इंजीनियरिंग की तो उसके अंदर कई ऐसी चीजें मिलीं, जिनसे यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.

प्रथमेश का दावा है कि एस्ट्रोटॉक के पास 244 दूसरी ऐप्स की एक लिस्ट है. इस लिस्ट में टिंडर, बंबल जैसे डेटिंग ऐप्स से लेकर बैंकिंग, लोन, ट्रेडिंग और बेटिंग ऐप्स तक शामिल हैं. यहां तक कि इस लिस्ट में ChatGPT का नाम भी है. उनका आरोप है कि एस्ट्रोटॉक यूजर के फोन में मौजूद इन ऐप्स की पहचान करता है और यूजर आईडी और डिवाइस की जानकारी के साथ यह डेटा अपने सर्वर पर भेजता है. भोसले के मुताबिक यह जानकारी हर हफ्ते भेजी जाती है.

अब सवाल है कि ज्योतिष बताने वाले किसी ऐप को यह जानने की जरूरत क्यों है कि आप फोन में टिंडर चलाते हैं, ट्रेडिंग करते हैं, लोन लेते हैं या ChatGPT इस्तेमाल करते हैं? आखिर इन जानकारियों का एस्ट्रोलॉजी से क्या लेना-देना है?

चैट, फोटो और कॉल रिकॉर्डिंग को लेकर भी सवाल

प्रथमेश भोसले ने दावा किया है कि एस्ट्रोटॉक पर यूजर की चैट और दूसरी निजी जानकारियों तक ज्योतिषियों की पहुंच हो सकती है. उनके मुताबिक सेशन खत्म होने के बाद भी चैट पढ़ने, तस्वीरें डाउनलोड करने, स्क्रीनशॉट लेने और कॉल रिकॉर्डिंग तक पहुंचने के विकल्प मौजूद हैं.

उन्होंने Microsoft Clarity के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए हैं. यह एक टूल है जिसका इस्तेमाल ऐप और वेबसाइट पर यूजर की गतिविधियों को समझने के लिए किया जाता है. भोसले का आरोप है कि एस्ट्रोटॉक में इसका इस्तेमाल यूजर की स्क्रीन पर होने वाली गतिविधियों को रिकॉर्ड करने के लिए किया जा रहा है.

कंपनी ने क्या सफाई दी?

इन आरोपों के बाद एस्ट्रोटॉक की डेटा कलेक्शन पॉलिसी पर सवाल उठने लगे हैं. कंपनी की तरफ से अबतक इस मामले में कोई सफाई नहीं आई है.

लेकिन यहां कुछ सवाल अब भी बाकी हैं. आखिर 244 खास ऐप्स की लिस्ट बनाने की जरूरत क्यों पड़ी? इस जानकारी का क्या किया जाता है. कंपनी की तरफ से इन सवालों का जवाब अबतक नहीं आया है.

ये भी पढ़ें- न किसी खेमे का दबाव, न किसी की शर्त… 2026 में मोदी की कूटनीति से दुनिया में मजबूत हुई भारत की पहचान

एस्ट्रोटॉक जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग अपनी जिंदगी से जुड़ी बेहद निजी बातें साझा करते हैं. रिश्तों की परेशानी हो, शादी का सवाल हो, परिवार की चिंता या पैसों से जुड़ा मामला… यूजर ज्योतिषी से खुलकर बात करता है. ऐसे में फोन और निजी बातचीत से जुड़ा डेटा किसके पास पहुंच रहा है, यह सवाल और भी गंभीर हो जाता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism