सुप्रीम कोर्ट ने सुचेता दलाल की उस याचिका का निपटारा कर दिया है. जिसमें बैंकों, बीमा, शेयरों और अन्य वित्तीय साधनों में पड़ी लावारिस रकम को ट्रैक करने और उस पर दावा करने के लिए एक केन्द्रीयकृत और पारदर्शी व्यवस्था बनाने की मांग की गई थी.
जस्टिस विक्रमनाथ और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने याचिका का निपटारा करते हुए कहा, याचिका में उठाए गए मुख्य मुद्दों का समाधान, प्रतिवादियों द्वारा उठाए गए कदमों के जरिये काफी हद तक कर दिया गया है. हम उनके हलफनामों में दिए गए बयानों और आश्वासनों को रिकॉर्ड पर लेते हैं.
साथ ही अधिकारियों से उम्मीद करते हैं कि वे लावारिस वित्तीय संपत्तियों की पहचान करने और उन्हें वापस पाने की प्रक्रिया को और अधिक सुलभ, कुशल और पारदर्शी बनाने के अपने प्रयास जारी रखेंगे. कोर्ट ने पत्रकार सुचेता दलाल की उस जनहित याचिका की तारीफ की है, जिनमें लोगों के बिना दावे वाले पैसों और निवेश को उनके सही हकदारों तक पहुंचाने की मांग की थी.
लावारिस निवेश की जानकारी के लिए पोर्टल बनाने की मांग
साथ ही कोर्ट ने याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील से तारीफ भी की है. कोर्ट ने कहा कि यह जनहित याचिका का सही इस्तेमाल है. सुचेता दलाल ने साल 2022 में यह याचिका दाखिल की थी. दायर याचिका में केंद्र सरकार, आरबीआई, कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय और सेबी से एक ऐसा ऑनलाइन पोर्टल बनाने की मांग की गई थी, जहां लोग अपने परिवार के उन पैसों और निवेश की जानकारी हासिल कर सकें, जिनपर अभी तक किसी ने दावा नहीं किया है.
मामले की सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि उसने बैंकों, डाकघरों, म्युचुअल फंड और बीमा में पड़े लावारिश धन को मृत व्यक्तियों के कानूनी वारिसों को देने के लिए पारदर्शी व्यवस्था अपनाई है. इस साल मार्च तक तीन लाख से अधिक दावों की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. 18 अप्रैल 2026 तक 6453 करोड़ रुपये की लावारिस वित्तीय संपत्तियां उनके सही मालिको को सफलतापूर्वक लौटाई जा चुकी है.
कंपनी अधिनियम के तहत हर कंपनी को ऐसे लावारिस जमा के बारे में जानकारी देना अनिवार्य है. सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों से कहा है कि वे बिना दावे वाले पैसों को खोजने और उनके सही हकदारों तक पहुचाने की व्यवस्था को और आसान, पारदर्शी और बेहतर बनाते रहे. अगर किसी व्यक्ति को इस मामले में कोई खास परेशानी होती है, तो वह संबंधित विभाग के सामने अपनी शिकायत रख सकता है.
कोर्ट ने यह भी कहा कि हमारा मानना है कि पहले से उठाए गए नियामक कदमों की आगे निगरानी के लिए इस याचिका को लंबित रखने का कोई खास फायदा नहीं है. लावारिस वित्तीय संपत्तियों से जुड़ी किसी भी विशिष्ट शिकायत को कानून के अनुसार सक्षम प्रधिकारी के समक्ष उठाया जा सकता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




