Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘आपको कौन रोक रहा है?’: हैदराबाद समिट विवाद पर जियाकोमो फिलिबेक के वीडियो से जुड़ी याचिका सुप्रीम कोर्ट ने ठुकराई

सुप्रीम कोर्ट ने हैदराबाद में हुए ‘भारत समिट 2026’ के दौरान इतालवी नेता जियाकोमो फिलिबेक के कथित वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने, नए नियम बनाने और SIT जांच की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है.

SC Dismisses Plea Seeking Removal Of Italian Leader Giacomo Filibeck Video From Hyderabad Summit 2026 SIT Probe Denied
Edited by Vaibhav Gupta

हैदराबाद में आयोजित ‘भारत समिट 2026’ के दौरान इतालवी राजनीतिक प्रतिनिधि जियाकोमो फिलिबेक के कथित बयान और वीडियो से जुड़े विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी टिप्पणी करते हुए याचिका खारिज कर दी है. जस्टिस विक्रमनाथ और जस्टिस अपरेश कुमार की पीठ ने याचिकाकर्ता की दलीलें सुनने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने और विदेशी मेहमानों के भाषणों को लेकर नए नियम बनाने की मांग ठुकरा दी. साथ ही पीठ ने अधिकारियों को याचिका को प्रतिवेदन (Representation) मानने का निर्देश देने से भी इनकार कर दिया. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ कहा कि आप अपना प्रतिवेदन देने के लिए स्वतंत्र हैं, आपको भला कौन रोक रहा है.

क्या है पूरा विवाद?

यह मामला 13 और 14 नवंबर को हैदराबाद में हुए ‘भारत समिट 2026’ से जुड़ा है, जिसका आयोजन तेलंगाना सरकार, समृद्ध भारत फाउंडेशन और अन्य के सहयोग से किया गया था. विवाद तब भड़का जब 14 नवंबर के कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो सामने आया, जिसमें पार्टी ऑफ यूरोपियन सोश्लिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक कथित तौर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में बोलते और ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाते दिखे. इस घटना को लेकर देश की राजनीति में खासी बयानबाजी और बहस छिड़ गई थी.

याचिकाकर्ता ने की थी SIT जांच और माफी की मांग

याचिकाकर्ता जाहिद अली ने अनुच्छेद 32 के तहत रिट याचिका दाखिल करते हुए पूरे मामले की विशेष जांच दल (SIT) से जांच कराने की मांग की थी. याचिका में विदेशी प्रतिनिधियों को मिली अनुमतियों के साथ-साथ आयोजकों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल करने की गुहार लगाई गई थी.

इसके अलावा विदेशी राजनीतिक प्रतिनिधियों के भारत की घरेलू राजनीति में दखल या भागीदारी रोकने के लिए दिशा-निर्देश तय करने, तेलंगाना सरकार से सार्वजनिक माफी मंगवाने और भविष्य में ऐसी घटनाएं न होने का हलफनामा दाखिल कराने की भी मांग की गई थी. याचिका में केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, तेलंगाना सरकार और समिट के आयोजकों समेत कुल नौ पक्षकार बनाए गए थे. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने हस्तक्षेप करने से मना करते हुए याचिका का पटाक्षेप कर दिया.

यह भी पढ़ें: पूर्व CJI बीआर गवई ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र, कॉलेजियम पर जातिगत भेदभाव के लगाए आरोप; न्यायिक नियुक्तियों में मांगा समान प्रतिनिधित्व

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism