Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘वैज्ञानिक सोच ही राष्ट्र की प्रगति का आधार’: अंडमान-निकोबार के LG डॉ. दिनेश शर्मा ने राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी ‘ज्ञानोदय’ का किया उद्घाटन, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र

Lt Governor Dr Dinesh Sharma Gyanodaya Science Exhibition Andaman Nicobar: अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने श्री विजयपुरम में राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी ‘ज्ञानोदय’ का उद्घाटन किया और छात्रों को सफलता के तीन मंत्र दिए.

dr dinesh sharma lg andaman and nicobar islands
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

 Andaman and Nicobar: अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को श्री विजयपुरम स्थित राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सभागार में दो दिवसीय (27 और 28 नवंबर) राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2026-27 ‘ज्ञानोदय’ का विधिवत उद्घाटन किया. दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करने के पश्चात उपराज्यपाल ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों एवं नवाचार परियोजनाओं का बारीकी से अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली जानी और उनकी रचनात्मकता व वैज्ञानिक दृष्टिकोण की मुक्तकंठ से सराहना की.

डॉ. कलाम, आर्यभट्ट और कोविड वैक्सीन का उदाहरण

समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि विज्ञान किसी भी राष्ट्र की आत्मा है और यह देश की उन्नति व सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे बचपन में अखबार बेचने वाले एक सामान्य बालक ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मिसाइल वैज्ञानिक बनने का सपना देखा और अपने दृढ़ संकल्प से देश के सर्वोच्च पद तक पहुंचे.

भारत की गौरवशाली वैज्ञानिक परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने महान गणितज्ञ आर्यभट्ट और नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. सी.वी. रमन को स्मरण किया. इसके साथ ही, उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौर में भारतीय वैज्ञानिकों की ऐतिहासिक उपलब्धि को रेखांकित करते हुए कहा कि जब समूची दुनिया संकट से जूझ रही थी, तब भारतीय वैज्ञानिकों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर न केवल देशवासियों की रक्षा की, बल्कि कई अन्य देशों को भी निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराकर भारत की वैज्ञानिक क्षमता का लोहा मनवाया.

सफलता के तीन मंत्र: तन्मयता, निरंतरता और दृढ़ निश्चय

अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह की भूमि को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र रक्षा का प्रतीक बताते हुए उपराज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा को द्वीपसमूह की प्रगति के लिए समर्पित करने का आह्वान किया. उन्होंने छात्रों को सफलता के तीन प्रमुख मंत्र—तन्मयता, निरंतरता और दृढ़ निश्चय—देते हुए कहा कि जिस प्रकार एक छोटा बीज विशाल वृक्ष बनता है और छोटी-छोटी ईंटों से भव्य भवन खड़ा होता है, उसी तरह विद्यार्थियों के आज के छोटे प्रयास भविष्य में विकसित भारत की मजबूत नींव रखेंगे.

इस गरिमामयी अवसर पर सांसद विष्णु पद रे, श्री विजयपुरम नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष वसंथा, शिक्षा सचिव ज्योति कुमारी, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, पुलिस अधीक्षक श्वेता, शिक्षा एवं खेल निदेशक आदित्य संगोत्रा और अभिजीत सेरोही सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism