Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पश्चिम बंगाल में संविदाकर्मियों की बल्ले-बल्ले, वेतन में 8 हजार रुपये तक का इजाफा; जानें और क्या बदला

पश्चिम बंगाल सरकार ने VB-G RAM G परियोजना के संविदाकर्मियों के मासिक मानदेय में 6,000 से 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जो 1 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी.

West Bengal Contract Workers Salary Hike Up To Rs 8000
Edited by Vaibhav Gupta

पश्चिम बंगाल में संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सुवेंदु अधिकारी सरकार ने VB-G RAM G परियोजना के तहत कार्यरत संविदाकर्मियों के मानदेय में 6,000 से 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. यह नई वेतन व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से लागू मानी जाएगी. सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों को केवल बढ़ी हुई तनख्वाह ही नहीं मिलेगी, बल्कि नौकरी की स्थिरता, सालाना इंक्रीमेंट और बेहतर छुट्टियों का लाभ भी मिलेगा.

किसको मिलेगा कितना फायदा?

सरकार ने यह बढ़ोतरी कर्मचारियों के मौजूदा मानदेय और सेवा अवधि (Service Tenure) के हिसाब से तय की है:

  • 25 हजार रुपये तक मासिक मानदेय वाले: जिन कर्मियों की सेवा 10 साल से कम है, उनके वेतन में 6,000 रुपये जुड़ेंगे. वहीं, 10 साल या उससे ज्यादा समय से काम कर रहे कर्मियों को 7,000 रुपये की बढ़ोतरी मिलेगी.
  • 25 हजार से 45 हजार रुपये तक मासिक मानदेय वाले: इस श्रेणी में 10 साल से कम सेवा वालों को 7,000 रुपये और 10 साल या उससे अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मियों को 8,000 रुपये प्रतिमाह का फायदा होगा.

इसके अलावा, 1 जुलाई 2027 से हर साल 1 जुलाई को कर्मचारियों के मानदेय में 3 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी भी की जाएगी, जिससे उन्हें लगातार आर्थिक संबल मिलता रहेगा.

60 साल की उम्र तक काम का मौका और छुट्टियों में बड़ी राहत

संविदाकर्मियों की सबसे बड़ी चिंता नौकरी की असुरक्षा को लेकर रहती है. नई व्यवस्था के तहत जिन कर्मचारियों ने 10 साल की संतोषजनक सेवा पूरी कर ली है, उन्हें 60 वर्ष की आयु तक काम करने का अवसर मिल सकेगा. हालांकि, यह सुविधा परियोजना के चलने, कर्मचारी के संतोषजनक कामकाज और तय शर्तों के पालन पर आधारित रहेगी, जबकि अनुबंध का नवीनीकरण पहले की तरह हर साल होगा.

छुट्टियों के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया गया है. कर्मचारियों को सालाना 30 दिन कैजुअल लीव और 10 दिन मेडिकल लीव मिलेगी. महिला कर्मचारियों के लिए 180 दिन के मातृत्व अवकाश और गर्भपात की स्थिति में 42 दिन की छुट्टी का प्रावधान भी किया गया है. कुल मिलाकर, वेतन और सुविधाओं में यह सुधार संविदाकर्मियों के जीवनस्तर को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: हो गया फैसला…; 50% बढ़ेंगी सीट, 25 साल का लॉक इन पीरियड; महिला आरक्षण पर क्या? जानें मोदी कैबिनेट के फैसले

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism