Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

मोबाइल पर बवाल! बिहार के कॉलेज में हंगामा, बिना फोन वाले छात्रों को भी रोका

Warisaliganj College: मोबाइल लेकर पहुंचे परीक्षार्थियों को प्रवेश से रोके जाने पर विवाद बढ़ गया और कुछ छात्रों ने बिना मोबाइल वाले परीक्षार्थियों को भी कॉलेज में जाने से रोक दिया.

Warisaliganj College Controversy

Warisaliganj College Controversy

Warisaliganj College Controversy: बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज महिला महाविद्यालय में स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन को लेकर जमकर हंगामा हुआ. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाए जाने से कुछ परीक्षार्थी भड़क गए. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कॉलेज के मुख्य गेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हैरानी की बात यह रही कि बिना मोबाइल के परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को भी कुछ परीक्षार्थियों ने कॉलेज के अंदर जाने से रोक दिया.

मोबाइल लेकर पहुंचे परीक्षार्थियों को गेट पर रोका

जानकारी के अनुसार, मगध विश्वविद्यालय के निर्देश पर 26 नवंबर से स्नातक तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसके लिए वारिसलीगंज महिला महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है. परीक्षा के पहले दिन कुछ परीक्षार्थी मोबाइल लेकर केंद्र पर पहुंचे थे. जब कॉलेज प्रशासन ने उन्हें मोबाइल के साथ अंदर जाने से रोक दिया तो वे नाराज हो गए और विरोध शुरू कर दिया. इसी बात को लेकर कॉलेज परिसर के बाहर हंगामे की स्थिति पैदा हो गई.

बिना मोबाइल वाले छात्रों को भी रोका

विवाद उस समय और बढ़ गया, जब कुछ परीक्षार्थियों ने बिना मोबाइल के परीक्षा देने जा रहे अन्य विद्यार्थियों को भी कॉलेज के अंदर प्रवेश करने से रोकना शुरू कर दिया. इसके कारण मुख्य गेट पर काफी देर तक अफरा-तफरी बनी रही. परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

विश्वविद्यालय के निर्देशों का हो रहा पालन

मामले पर कॉलेज के प्राचार्य अशोक कुमार ने बताया कि मगध विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने पर स्पष्ट प्रतिबंध लगाया गया है. कॉलेज प्रशासन केवल विश्वविद्यालय के निर्देशों का पालन करा रहा है. उन्होंने बताया कि बिना मोबाइल के परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों को भी कुछ परीक्षार्थियों ने रोका था. पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो फुटेज कॉलेज प्रशासन के पास मौजूद हैं. फिलहाल इस घटना ने परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन और व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism