उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की लगातार तीसरी जीत का बड़ा दावा किया है. शनिवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जिस तरह काशी अविनाशी है, ठीक उसी तरह भारतीय राजनीति में भाजपा भी अविनाशी है. उनके अनुसार, इसमें कोई शक नहीं है कि पार्टी लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करेगी और जीत की हैट्रिक लगाएगी. बातचीत के दौरान सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दिसंबर में राम मंदिर जाने की चर्चाओं पर भी खुलकर अपनी बात रखी.
‘दो नावों की सवारी डुबोती है’
जब उनसे पूछा गया कि दिसंबर में अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने से क्या उन्होंने भाजपा की पिच पर खेलना शुरू कर दिया है, तो योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे भी यही चाहते हैं कि अखिलेश उनकी पिच पर आकर खेलें. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है, और जनता के बीच जाने से पहले यदि वे उनकी पिच पर आकर उनकी नाव की सवारी करते हैं, तो उसे डुबोने में और मदद मिलेगी.
योगी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे अयोध्या जा रहे हैं, लेकिन उन्होंने राम मंदिर आंदोलन के दौर को याद करते हुए सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस आंदोलन में रामभक्तों पर गोलियां और लाठियां चलाई गईं, फर्जी केस लगाए गए और अयोध्या के अस्तित्व पर सवाल उठाए गए, उसके बाद अब अयोध्या जाने के साथ-साथ उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए.
गोरखपुर के सियासी हिसाब पर तंज
अखिलेश यादव के हालिया गोरखपुर दौरे और वहां हुए बुलडोजर हादसे पर चुटकी लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने बुलडोजर की सवारी करने की कोशिश की, लेकिन यह भूल गए कि बुलडोजर की बात करना आसान है, पर हर कोई इसका स्टीयरिंग नहीं संभाल सकता. उन्होंने कहा कि इसे चलाने के लिए एक खास तरह की इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है.
गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटें जीतने के अखिलेश यादव के दावे को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब भी गोरखपुर में भाजपा जीती थी और सपा उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी. उन्होंने कहा कि 2017, 2022 और 2024 में गोरखपुर की सभी सीटें भाजपा ने जीती हैं, और सिर्फ गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश उनका घर है, जहां भाजपा और उसका गठबंधन यही परिणाम दोहराएगा. आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि जनता एक बार फिर काम और भरोसे के आधार पर साथ देगी.
यह भी पड़ें: 90 हजार में शादी की डील, पर कोर्ट मैरिज ने मामला ऐसे बिगाड़ा की थाने पहुंचा दूल्हा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





