Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

पीएम आवास कितना पैसा लेना भ्रष्टाचार नहीं? मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बताया अमाउंट

Baby Rani Maurya Hathras Statement: हाथरस में आयोजित जन चौपाल के दौरान आवास योजना से जुड़े कागजात बनवाने के नाम पर पैसे लिए जाने के सवाल पर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जो जवाब दिया वो जममकर वायरल है.

Baby-Rani-Maurya-Hathras-Jan-Chaupal-Statement-Review-Meeting

Baby Rani Maurya Hathras Statement: उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री तथा हाथरस की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य का जन चौपाल के दौरान दिया गया बयान चर्चा में आ गया है. कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मोहल्ला रमनपुर (रामनपुर) में आयोजित जन चौपाल के दौरान लाभार्थियों से पैसे वसूले जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि आवास आवेदन के कागज बनवाने के लिए यदि दो-ढाई हजार रुपये लिए गए हैं तो वह करप्शन की श्रेणी में नहीं आता, क्योंकि कई लोगों के कागज पूरे कराने होते हैं.

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित नगर पालिका महिला कर्मचारी के खिलाफ पहले ही कार्रवाई हो चुकी है और एंटी करप्शन टीम उसे गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि करप्शन के नाम पर पैसे लेने वालों के खिलाफ जांच व कार्रवाई जारी है.

जन चौपाल में शिकायत पर टिप्पणी

जन चौपाल के दौरान एक महिला ने आवास योजना का लाभ दिलाने व कागजात बनवाने के नाम पर नगर पालिका की महिला कर्मचारी द्वारा ढाई हजार रुपये लिए जाने की शिकायत की थी, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए.

मीडिया से बातचीत में बेबी रानी मौर्य ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि वे घोषणा पत्र जारी करते रहते हैं, जबकि उन्हें बताना चाहिए कि जमीन पर क्या काम किए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान कार्ड और निराश्रित महिलाओं को पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिया है. इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, विधायक अंजुला सिंह माहौर, विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, शरद माहेश्वरी और गौरव आर्य समेत पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे.

बाल विवाह उन्मूलन अभियान

इससे पहले हाथरस पहुंचने पर प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने उनका स्वागत किया. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग के विशेष हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ कर शपथ दिलाई तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए.

ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव से बदला लेंगे मुफ्ती इस्माइल कासमी, चुनाव से पहले क्या ऐलान किया?

मिशन शक्ति, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की समीक्षा की गई तथा बीएसए को नियमित विद्यालय निरीक्षण और छात्रवृत्ति राशि समय पर खातों में भेजने के निर्देश दिए गए. खाद वितरण, सड़क मरम्मत, नहरों में पानी, ट्यूबवेल बिजली रोस्टर, गांवों की सफाई और अवैध खनन पर सुझाव रखे गए, जिस पर मंत्री ने खाद वितरण की प्रगति रिपोर्ट, निर्धारित रोस्टर से बिजली आपूर्ति और टूटे खंभों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism