Shobhinav Satya Hanuman Ansh Movie Success
Hanuman Ansh Movie Success: फिल्मी दुनिया में किसकी किस्मत कब चमक जाए, यह कोई नहीं जानता. कभी सालों की मेहनत के बाद भी कलाकारों को मौका नहीं मिलता, तो कभी एक छोटा-सा फैसला पूरी जिंदगी बदल देता है. ऐसा ही कुछ अभिनेता शोभिनव सत्य के साथ हुआ है. फिल्म ‘हनुमान अंश’ में नीम करोली बाबा का किरदार निभाकर चर्चा में आए शोभिनव ने कभी बतौर अभिनेता इस फिल्म में काम करने की योजना नहीं बनाई थी. वह फिल्म से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे, लेकिन किस्मत ने उन्हें फिल्म का हीरो बना दिया. दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव ने अपने इस सफर की तुलना बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान से की है. उन्होंने बताया कि जिस तरह शाहरुख खान को टीवी सीरियल ‘फौजी’ में अचानक मुख्य भूमिका मिल गई थी, कुछ वैसा ही उनके साथ भी हुआ.
असिस्टेंट डायरेक्टर बनकर आए थे, बन गए फिल्म के हीरो
शोभिनव सत्य ने वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि वह फिल्म ‘हनुमान अंश’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे. उस समय फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी को नीम करोली बाबा के किरदार के लिए कोई उपयुक्त अभिनेता नहीं मिल रहा था. ऐसे में निर्देशक की नजर शोभिनव पर पड़ी. उन्हें लगा कि शोभिनव का व्यक्तित्व आध्यात्मिक गुरु के किरदार के लिए बिल्कुल सही है. इसके बाद उन्होंने शोभिनव को ही इस भूमिका में काम करने का प्रस्ताव दे दिया. इस तरह कैमरे के पीछे काम करने पहुंचे शोभिनव अचानक कैमरे के सामने आ गए.
शाहरुख खान से की अपने सफर की तुलना
शोभिनव ने अपने करियर की इस अनोखी शुरुआत की तुलना शाहरुख खान से की. उन्होंने बताया कि शाहरुख खान भी अपने शुरुआती दिनों में टीवी शो ‘फौजी’ से जुड़े थे. शुरुआत में उन्हें छोटा किरदार मिलने वाला था, लेकिन परिस्थितियां ऐसी बनीं कि वह शो के मुख्य अभिनेता बन गए. शोभिनव के मुताबिक, उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उन्होंने कहा, ‘मैं फिल्म में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहा था और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने मुझसे कहा कि मैं इसका हीरो हूं. कभी-कभी बदलाव अचानक हो जाते हैं.’ उन्होंने आगे बताया कि उस समय असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में उनकी जिंदगी ठीक चल रही थी. वह काम कर रहे थे और पैसे भी कमा रहे थे. लेकिन शायद भगवान की ताकतें उनकी जिंदगी में कुछ बड़ा बदलाव लाने वाली थीं.
दादा की आखिरी सलाह ने बदली जिंदगी
शोभिनव की अभिनय की दुनिया में आने की कहानी के पीछे उनके दादा की एक खास सलाह भी है. उन्होंने बताया कि साल 2024 में उनके दादा का निधन हो गया था. निधन से पहले दादा ने उनसे कहा था कि वह लंबे समय से लेखन और निर्देशन में मेहनत कर रहे हैं, लेकिन अब एक बार अभिनय में भी अपनी किस्मत आजमानी चाहिए. दादा की इस बात ने शोभिनव को काफी प्रभावित किया. इसके बाद उन्होंने एक्टिंग को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया. जनवरी 2025 में उन्हें असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर कुछ प्रोजेक्ट मिले, लेकिन अभिनय में करियर बनाने की चाहत के चलते उन्होंने उन प्रोजेक्ट्स को छोड़ दिया. यह सफर आसान नहीं था. शोभिनव लगातार ऑडिशन दे रहे थे, लेकिन उन्हें न तो अच्छे मौके मिल रहे थे और न ही उनके काम को लेकर कोई प्रतिक्रिया मिलती थी.
फिल्म की सफलता के बाद भी नहीं आया फिल्ममेकर्स का फोन
‘हनुमान अंश’ की शानदार सफलता के बाद जब शोभिनव से पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री के किसी बड़े निर्देशक या फिल्ममेकर ने उन्हें काम की तारीफ करने के लिए फोन किया, तो उनका जवाब थोड़ा हैरान करने वाला था. उन्होंने बताया कि अब तक किसी ने उन्हें सीधे फोन नहीं किया है. हालांकि, जब वह इंडस्ट्री के लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलते हैं तो वे उनके काम की तारीफ जरूर करते हैं. शोभिनव के मुताबिक, लोग उनसे कहते हैं कि उन्होंने बहुत अच्छा काम किया है और भगवान उनका भला करे.
2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म ने कमाए 450 करोड़ से ज्यादा
नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 450 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. फिल्म की इस सफलता ने शोभिनव सत्य को नई पहचान दिलाई है. असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर शुरू हुआ उनका सफर अब एक अभिनेता के रूप में नई उड़ान भर रहा है. अब देखना होगा कि इस कामयाबी के बाद शोभिनव को बॉलीवुड में कौन-से बड़े मौके मिलते हैं.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



