Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे…’ पीएम मोदी का अडिग संकल्प

संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक लाने की तैयारियों के बीच पीएम मोदी ने एक पुराना वीडियो साझा करते हुए कहा कि वे ‘नारी शक्ति’ से किए वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे.

PM Modi

संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण विधेयक लाने की तैयारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 28 नवंबर 2026 को कहा कि वे ‘नारी शक्ति’ से किए अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. शनिवार दोपहर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.” इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण के विषय पर अपना एक पुराना वीडियो संदेश भी साझा किया.

वीडियो संदेश में पीएम मोदी की मुख्य बातें

साझा किए गए वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशकों से चल रहे प्रयासों और नारी शक्ति के समर्थन का उल्लेख करते हुए ये प्रमुख बातें कहीं.

हर रुकावट को खत्म करने का संकल्प: पीएम मोदी ने कहा कि वे जानते हैं कि देश की 100 प्रतिशत नारीशक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है. उन्होंने देश की हर नारी को विश्वास दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटाकर रहेंगे. उन्होंने कहा, “हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है.”

दशकों की लड़ाई और बहनों के पत्र: पीएम मोदी ने कहा कि नारीशक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है और वर्षों से वे भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक रहे हैं, जिसे लेकर अनेक महिलाओं व बहनों ने पत्रों और संवाद के माध्यम से अपनी बात उन तक पहुंचाई है.

विरोधियों को संदेश: उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से कभी भी रोक नहीं पाएंगी, केवल वक्त का इंतजार है.

2029 के लोकसभा चुनाव का रोडमैप

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार, 27 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक को मंजूरी प्रदान की थी. इन विधेयकों के पारित होने से सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होने के साथ-साथ वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण भी सुनिश्चित होगा.

ये भी पढ़ें: ‘जमानत पर हैं, जल्द जेल जाएंगे’, केशव प्रसाद मौर्य का आजम खान पर हमला; अखिलेश को क्या बोल गए?

केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साझा किया गया यह संदेश स्पष्ट संकेत देता है कि सरकार संसद के आगामी विशेष सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधायी कदमों को निर्णायक अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism