Rahul Gandhi On MK Stalin: राहुल गांधी समेत विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई पहुंचे हैं, ताकि DMK को परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए मनाया जा सके. इस बीच एमके स्टालिन ने राहुल गांधी की अपील ठुकरा दी है. DMK के IT विंग और पार्टी प्रवक्ता ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है.
केंद्र सरकार के परिसीमन बिल को लेकर मोदी सरकार और कांग्रेस गठबंधन के बीच टकराव तेज हो गया है. जैसे ही कांग्रेस को ये पता चला कि सदन में परिसीमन बिल पास कराने के लिए NDA को तमिलनाडु की DMK पार्टी अपना समर्थन दे रही है, सभी प्रमुख कांग्रेसी नेता तुरंत चेन्नई के लिए रवाना हो गया. कांग्रेस की तरफ से मल्लिकार्जुन खड़गे स्टालिन को परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए मनाने चेन्नई पहुंचे. हालांकि वहां पर भी उन्हें मुंह की खानी पड़ी है.
चेन्नई दौरे से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर स्टालिन और DMK से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की थी.
राहुल गांधी ने लिखा,
इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं थिरु एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं, ताकि उनसे और DMK से परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की जा सके.
उन्होंने दावा किया कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा. राहुल गांधी ने कहा कि इससे भाजपा-RSS को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को फिर से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी.
राहुल गांधी ने स्टालिन को ‘भाई’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने कहा कि स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं. देश, तमिलनाडु और संविधान की रक्षा के लिए इस बिल को मिलकर हराना होगा.
स्टालिन का दो-टूक जवाब
राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने कड़ा जवाब दिया है. उन्होंने अपने फैसले पर किसी भी तरह का समझौता करने से इनकार कर दिया. स्टालिन ने भी राहुल गांधी को ‘भाई’ कहकर संबोधित किया.
उन्होंने लिखा,
संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में DMK की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए भाई राहुल गांधी का हार्दिक धन्यवाद. हमने हमेशा तमिलनाडु और अपने तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखते हुए ही हर फैसला लिया है.
स्टालिन ने अपने जवाब में इतिहास के दो किरदारों का जिक्र किया. इनमें महान स्वतंत्रता सेनानी राजा वीरपांडिया कट्टाबोम्मन शामिल हैं. कट्टाबोम्मन वहीं व्यक्ति हैं जिन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया था. वहीं एट्टप्पन को गद्दारी के प्रतीक के तौर पर याद किया जाता है.
स्टालिन ने कहा कि हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में दर्ज करेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में.
बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने परिसीमन के मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से DMK की तुलना ‘एट्टप्पन’ से की थी.
DMK IT विंग और प्रवक्ता ने भी साधा निशाना
स्टालिन के साथ-साथ DMK IT विंग और पार्टी प्रवक्ता ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला. DMK IT विंग ने राहुल गांधी की पोस्ट पर तंज कसते हुए लिखा कि यही वो भाई हैं जिनकी पीठ में आपने इतनी बेशर्मी से छुरा घोंपा है मिस्टर राहुल.
ये भी पढ़ें- रामगढ़ हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
वहीं DMK प्रवक्ता ने राहुल गांधी का चेन्नई में स्वागत करते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है. प्रवक्ता ने लिखा कि चेन्नई में आपका स्वागत है सर. हमने आपसे बहुत बड़ी उम्मीदें लगाई थीं. जब हमारे नेता ने आपको अपना छोटा भाई कहा, तो आप हम सभी के भाई बन गए. DMK तमिलों और तमिलनाडु के कल्याण को सबसे ऊपर रखती है. क्या आपको नहीं लगता कि अब वक्त निकल चुका है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




