Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

भीलवाड़ा में सियासी हंगामे के बीच भिड़े विधायक और SP, नोकझोंक का VIDEO VIRAL

भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में उपप्रधान चुनाव के दौरान जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा और एसपी सागर राणा के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल हो गया है.

Bhilwara Viral Video Clash Between Jahazpur MLA And SP Over Deputy Pradhan Election

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें जहाजपुर विधायक और जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है. यह पूरा मामला भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में हुए उपप्रधान चुनाव के दौरान का बताया जा रहा है. आरोप है कि चुनाव के समय तनाव बढ़ने पर पुलिस ने भीड़ को संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, जिसके बाद विधायक ने पुलिस को लेकर अपशब्द कहे. इस पर एसपी सागर राणा ने भी उन्हें ‘तमीज का पाठ’ पढ़ा दिया और दोनों की नोकझोंक का वीडियो इंटरनेट पर खूब देखा जा रहा है.

विधायक ने ऐसा क्या बोला कि भड़के एसपी?

शनिवार को उपप्रधान चुनाव के दौरान जब खजूरी में माहौल गरमाने लगा तो पुलिस और भीड़ के बीच टकराव की स्थिति बन गई. इसी दौरान विधायक गोपीचंद मीणा ने पुलिस पर बाहरी लोगों को एस्कॉर्ट देने का आरोप लगाया. आरोप है कि बहस के बीच उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिस पर एसपी ने सधे हुए अंदाज में उन्हें तमीज से बात करने की नसीहत दी.

हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद विधायक गोपीचंद मीणा ने इस पर सफाई भी दी है. उनका कहना है कि उन्होंने पुलिस प्रशासन या एसपी के लिए कोई गलत शब्द नहीं कहा, बल्कि वे शब्द बाहरी लोगों और बदमाशों के लिए थे.

प्रधान चुनाव से उपप्रधान चुनाव तक खजूरी में तनाव

खजूरी पंचायत समिति में सियासी खींचतान प्रधान चुनाव के दिन ही शुरू हो गई थी. तब मतदान केंद्र पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने कांग्रेस के चुने हुए सदस्यों को ले जा रही बस रोक ली, सड़क जाम कर दी और बस के शीशे भी तोड़ दिए थे. घटना के समय विधायक गोपीचंद मीणा भी वहां मौजूद थे. हंगामे के चलते कांग्रेस सदस्य मतदान केंद्र नहीं पहुंच पाए और भाजपा की आशा देवी मीणा प्रधान चुन ली गईं.

भीलवाड़ा की 16 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव के नतीजों ने राजनीतिक समीकरण पलट दिए है. जहां चुनाव से पहले 13 सीटों पर कांग्रेस आगे थी और भाजपा सिर्फ 3 में, वहीं नतीजों में भाजपा प्रधान बनाने में कामयाब रही. इसके बाद शनिवार को उपप्रधान चुनाव में भी हंगामा हुआ, जिससे इलाके में सियासी सरगर्मी बढ़ गई है.

यह भी पढ़ें: रणथंभौर में टाइगर RBT-2506 का खौफनाक शिकार, पर्यटकों के सामने नीलगाय पर किया हमला; कैमरे में कैद हुआ रोमांचक नजारा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism