Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

परिसीमन पर चेन्नई में INDIA गठबंधन की बड़ी बैठक बेनतीजा, ‘भाई’ कहकर भी नहीं पिघले स्टालिन, बोले- तमिलनाडु के हित पहले

परिसीमन विधेयक पर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और विपक्षी नेताओं ने चेन्नई में एमके स्टालिन से मुलाकात की. डीएमके ने तमिलनाडु के हितों को सर्वोपरि बताते हुए अपना रुख बदलने से इनकार कर दिया.

Rahul Gandhi DMK Meeting

परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में नया मोड़ तब आया जब इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता चेन्नई पहुंचकर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) प्रमुख एमके स्टालिन से मिले. यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब DMK ने एक दिन पहले ही कह दिया था कि वह केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी.

राहुल और स्टालिन की मुलाकात की तस्वीरें आईं सामने

चेन्नई में हुई इस अहम बैठक के दौरान राहुल गांधी और एमके स्टालिन की गर्मजोशी भरी मुलाकात चर्चा का विषय बनी रही. दोनों नेताओं की एक-दूसरे को गले लगाते हुए तस्वीरें सामने आईं. बाद में स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी का जिक्र करते हुए उन्हें ‘भाई’ कहा.

लगभग एक घंटे से ज्यादा चली बैठक

स्टालिन और इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली. विपक्षी नेताओं ने परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी चिंताएं विस्तार से रखीं और DMK को अपने पक्ष में लाने की कोशिश की. हालांकि बातचीत के बावजूद DMK ने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया.

नहीं बदलेंगे अपने फैसले- DMK

बैठक समाप्त होने के बाद DMK की आईटी विंग की तरफ से एक स्पष्ट संदेश जारी किया गया. पार्टी ने कहा कि DMK कभी भी तमिलनाडु के हितों के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाएगी. इसके बाद स्टालिन ने भी पत्रकारों से बातचीत में दोहराया कि वह राज्य के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनकी पार्टी की सभी प्रमुख मांगें प्रस्तावित कानून में शामिल हैं.

राहुल गांधी ने परिसीमन का किया कड़ा विरोध

बैठक के बाद राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इंडिया गठबंधन परिसीमन प्रक्रिया का विरोध कर रहा है. उनके मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने पहले असम और जम्मू-कश्मीर में इसी तरह की प्रक्रिया लागू की थी और अब वह इसे पूरे देश में लागू करना चाहती है. राहुल का आरोप था कि भाजपा की मंशा ठीक नहीं है और यह कदम लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है.

‘850 सीटें हुईं तो लोकतंत्र पर असर पड़ेगा’

राहुल गांधी ने दावा किया कि लोकसभा की सीटों की संख्या अगर 850 तक पहुंचती है तो इसका भारतीय लोकतंत्र पर गंभीर असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि ऐसे बदलावों से चुनावी सीमाओं के पुनर्निर्धारण में सत्तारूढ़ दल को व्यापक अवसर मिल सकते हैं. राहुल ने यह भी कहा कि तमिल संस्कृति, तमिल भाषा और देश की लोकतांत्रिक संरचना पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. उन्होंने स्टालिन समेत सभी नेताओं से इसका विरोध करने की अपील की.

कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंचा विपक्षी प्रतिनिधिमंडल

इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कई वरिष्ठ विपक्षी नेता शामिल हुए. प्रतिनिधिमंडल में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और विभिन्न दलों के अन्य बड़े चेहरे मौजूद रहे. यह पूरी टीम स्टालिन के चेन्नई स्थित आवास पर पहुंची, जहां परिसीमन विधेयक के प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई.

ममता बनर्जी भी थीं प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं. नेताओं ने स्टालिन को समझाने की कोशिश की कि प्रस्तावित कानून का असर केवल सीटों के बंटवारे तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संसद में प्रतिनिधित्व और उत्तर-दक्षिण राज्यों के बीच राजनीतिक शक्ति संतुलन पर भी दूरगामी प्रभाव डाल सकता है. कांग्रेस के चार मुख्यमंत्री भी इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे.

स्टालिन ने किया नेताओं का स्वागत

चेन्नई में आयोजित इस मुलाकात के दौरान स्टालिन ने स्वयं सभी नेताओं का स्वागत किया. DMK की तरफ से उनके साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री और युवा मोर्चा सचिव उदयनिधि स्टालिन, पार्टी सांसद कनिमोझी, दयानिधि मारन और कई अन्य सांसद भी मौजूद रहे.

कांग्रेस की कोशिश के बावजूद नहीं पिघली DMK

यह पूरी कवायद ऐसे समय हुई जब परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस और DMK के बीच खुले तौर पर मतभेद दिखाई दे रहे हैं. राहुल गांधी लगातार बीजेपी और RSS पर चुनावी सीमाओं में बदलाव के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करने का आरोप लगाते रहे हैं. इसी पृष्ठभूमि में कांग्रेस नेतृत्व DMK को अपने साथ लाने का प्रयास कर रहा था लेकिन पार्टी अपने रुख पर कायम रही.

राहुल गांधी को ‘भाई’ कहकर दिया जवाब

बैठक से कुछ घंटे पहले ही स्टालिन ने राहुल गांधी की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पष्ट संदेश दिया था. उन्होंने कहा कि DMK के सभी राजनीतिक फैसले तमिलनाडु और वहां के लोगों के हितों को सर्वोपरि रखकर लिए जाते हैं. राहुल गांधी को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश और राज्यों के अधिकारों की रक्षा को लेकर उनकी पार्टी किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी.

कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का दिया उदाहरण

सोशल मीडिया पर अपने संदेश में स्टालिन ने तमिल इतिहास और लोककथाओं के दो चर्चित पात्रों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि इतिहास उन्हें वीरपांडिया कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में. बता दें, कट्टाबोम्मन को ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष करने वाले वीर योद्धा के तौर पर देखा जाता है तो वही एट्टप्पन का नाम तमिल राजनीतिक विमर्श में विश्वासघात के प्रतीक के रूप में लिया जाता है.

संविधान और संघवाद की बात भी दोहराई

स्टालिन ने संविधान और संघीय ढांचे की रक्षा में DMK की भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद किया. हालांकि उन्होंने साथ ही यह भी साफ कर दिया कि भविष्य में भी पार्टी के फैसलों का आधार तमिलनाडु और तमिल समाज के हित ही रहेंगे.

विपक्ष ने बिल रोकने के लिए मांगा समर्थन

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत राहुल गांधी की उस घोषणा से हुई जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और परिसीमन संबंधी संवैधानिक संशोधन विधेयक को रोकने के लिए DMK का औपचारिक समर्थन मांगेंगे.

ये भी पढ़ें-लोकसभा में कल पेश होंगे तीन अहम विधेयक, महिला आरक्षण और परिसीमन पर होगी चर्चा; अमित शाह भी रखेंगे प्रस्ताव

‘देश, तमिलनाडु और संविधान के लिए साथ आएं’

राहुल गांधी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि एमके स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं. उन्होंने अपील की कि देश, तमिलनाडु और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होकर इस विधेयक का विरोध करना चाहिए. हालांकि चेन्नई में हुई लंबी बातचीत के बाद भी DMK ने साफ संकेत दे दिया कि वह तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता देते हुए अपने मौजूदा रुख पर कायम रहेगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism