पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रविवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित महान गायक और संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने न केवल भूपेन हजारिका को याद किया बल्कि अपने संबोधन में विपक्ष पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा. उनके बयान को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब परिसीमन बिल को लेकर राहुल गांधी लगातार एमके स्टालिन और शरद पवार जैसे नेताओं को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं.
‘नाराज फूफा’ वाली टिप्पणी से साधा निशाना
अपने संबोधन में पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा कि देश आज विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है और हर भारतीय इस संकल्प के साथ काम कर रहा है. उन्होंने (PM Modi) कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें देश की उपलब्धियां पसंद नहीं आतीं. ऐसे लोग भारत को बंटा हुआ देखना चाहते हैं और समाज में विभाजन पैदा कर सत्ता हासिल करने का सपना देखते हैं. इसी दौरान पीएम मोदी (PM Modi) ने ऐसे लोगों की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की. उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि इन लोगों को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए शायद तब उन्हें कुछ समझ आए.
विकसित भारत और पूर्वोत्तर पर दिया जोर
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री (PM Modi) ने डॉ. भूपेन हजारिका की जीवनी का भी विमोचन किया. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश की ताकत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस क्षेत्र का विकास विकसित भारत के सपने को पूरा करने में बड़ी भूमिका निभाएगा. इस कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं.
असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में असम की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र किया. उन्होंने (PM Modi) कहा कि दुनिया ने हाल के वर्षों में असम की कला और संस्कृति को करीब से देखा है. बोडो समुदाय के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत बागुरुम्बा नृत्य ने भारत की विविधता को वैश्विक मंच पर दिखाया है. उन्होंने चाय बागानों से जुड़े कलाकारों के झूमुर नृत्य का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि हजारों कलाकारों को एक साथ प्रस्तुति देते देख उन्हें विशेष खुशी हुई, क्योंकि वह स्वयं भी एक ‘चायवाले’ की पृष्ठभूमि से आते हैं.
ये भी पढ़ें-संसद के विशेष सत्र से पहले PM मोदी का बड़ा मास्टरप्लान, 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई सीक्रेट बैठक
भूपेन हजारिका को बताया महान देशभक्त
डॉ. भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने संगीत के माध्यम से देश की भावनाओं और सपनों को स्वर दिया. मोदी ने उन्हें असम का गौरव, महान सपूत और सच्चा राष्ट्रभक्त बताया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के लिए यह गर्व की बात है कि भूपेन हजारिका की अमूल्य विरासत को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





