Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘नीचे आ जाओ, तुम्हारी…’, पुलिस के डर से टावर पर चढ़े चोर को महिलाओं ने दिया गजब का ऑफर

फतेहपुर में पुलिस के डर से हिस्ट्रीशीटर रामलखन टावर पर चढ़ गया. चार घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद जैसे ही पुलिस पीछे हटी, वह उतरकर फरार हो गया.

Fatehpur Historysheeter Climbs Mobile Tower To Avoid Police Action

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. असोथर थाना क्षेत्र के किलापर मोहल्ला में रविवार सुबह पुलिस की टीम को देखते ही एक हिस्ट्रीशीटर 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. इसके बाद लगभग चार घंटे तक जमकर हाईवोल्टेज ड्रामा चला. आरोपी चिल्ला-चिल्लाकर धमकी देता रहा कि अगर पुलिस पीछे नहीं हटी तो वह नीचे कूदकर अपनी जान दे देगा.

पुलिस के डर से टावर पर चढ़ा आरोपी

जानकारी के अनुसार, रामलखन पासवान नाम के इस हिस्ट्रीशीटर पर चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं. वह लगभग पांच महीने पहले अपने साथियों के साथ दो चोरियों के आरोप में जेल गया था और हाल ही में 15 जुलाई को जमानत पर बाहर आया था. जेल से छूटने के बाद वह पंजाब के लुधियाना काम करने चला गया था और पांच दिन पहले ही गांव लौटा था.

जब पुलिस जमानत पर छूटे अपराधियों के नियमित सत्यापन के लिए उसके घर पहुंची, तो रामलखन खौफजदा हो गया. रविवार सुबह करीब 9 बजे वह पुलिस से बचने के लिए गांव में बने मोबाइल टावर पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा.

‘पसंद की लड़की से करा देंगे शादी’

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी माइक से लगातार उसे नीचे उतरने की अपील करते रहे. इस दौरान भीड़ में खड़ी कुछ महिलाओं ने उसे मनाने के लिए अजीबोगरीब ऑफर तक दे डाला. महिलाओं ने चिल्लाकर कहा, ‘नीचे उतर आओ, तुम्हारी पसंद की लड़की से शादी करवा देंगे.’

तमाम कोशिशों के बावजूद रामलखन जिद पर अड़ा रहा कि जब तक पुलिस टावर से दूर नहीं हटती, वह नीचे नहीं उतरेगा. किसी अनहोनी के डर से जैसे ही पुलिस टीम थोड़ी दूर हटी, चालाक हिस्ट्रीशीटर फटाफट टावर से उतरा और मौके का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया.

पुलिस पर दबाव बनाने की साजिश

थानाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने बताया कि रामलखन थाने का दर्ज हिस्ट्रीशीटर है. पुलिस सिर्फ नियम के मुताबिक उसका सत्यापन करने गई थी, लेकिन उसने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए यह नाटक रचा. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

ये भी पढ़ें: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए फिर बुलंद हुई आवाज, साधु संतों ने कर डाली ‘कारसेवा’ की घोषणा; कब निपटेगा विवाद

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital