AI जेनरेटेड इमेज
Indore Cylinder Theft: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे कीमती सामान नहीं, बल्कि रसोई का ‘गैस सिलेंडर’ लूट रहे हैं. लसुड़िया थाना क्षेत्र में हुई एक लूट की वारदात के बाद इलाके में ऐसा डर फैला है कि एक महिला ने अपने गैस सिलेंडर को लोहे की जंजीर से बांधकर उस पर ताला लगा दिया है. सोशल मीडिया पर अब यह ‘ताले वाला सिलेंडर’ चर्चा का विषय बन गया है.
दिन-दहाड़े सिलेंडर ले उड़ा बदमाश
ये पूरी घटना इंदौर के लसुड़िया इलाके की है. पीड़िता के अनुसार, दो दिन पहले एक अज्ञात बदमाश दिन-दहाड़े उनके घर में घुस आया. इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का दिया और रसोई में रखा गैस सिलेंडर उठाकर रफूचक्कर हो गया. यह वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला शोर भी नहीं मचा पाईं.
इलाके में गैस सिलेंडर की किल्लत और बढ़ती कीमतों के बीच हुई इस ‘लूट’ ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया है. महिला का कहना है कि अब उन्हें डर सता रहा है कि बदमाश दोबारा आकर दूसरा सिलेंडर न ले जाए.
जंजीर और ताले के पहरे में रसोई
चोरी की इस अनोखी वारदात के बाद पीड़िता ने अपनी रसोई को ‘सुरक्षित’ करने का एक देसी और अजब-गजब तरीका निकाला है. महिला ने अब नए गैस सिलेंडर को लोहे की मोटी जंजीर से जकड़ दिया है और उस पर भारी-भरकम ताला जड़ दिया है. महिला का कहना है कि अब जब भी खाना बनाना होता है, तभी ताला खोला जाता है, वरना सिलेंडर जंजीर से बंधा रहता है.
पड़ोसियों का कहना है कि उन्होंने गहनों और नकदी पर तो ताला लगते देखा था, लेकिन सिलेंडर पर ताला लगने की यह घटना पहली बार देखी है. यह घटना इंदौर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और घरेलू चीजों की किल्लत की ओर इशारा कर रही है.
पुलिस और प्रशासन की चुनौती
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. लोगों का कहना है कि अगर बदमाश घर में घुसकर सिलेंडर जैसी भारी चीज लूट ले जा रहे हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा का क्या होगा? फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाश की पहचान की जा सके.
ये भी पढ़ें: इंसान या जानवर? बॉयफ्रेंड के गले में पट्टा डालकर उसे पिंजरे में रखती है लड़की, वजह जान उड़ जाएंगे होश!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


