Bharat Express DD Free Dish

ऑटो या माचिस की डिब्बी? कन्नौज पुलिस ने पकड़ा ओवरलोडिंग का अनोखा केस, कट गया 10 हजार तक का चलान

कन्नौज में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऐसे ऑटो को पकड़ा जिसमें 3 सवारियों की जगह ड्राइवर ने 18 लोगों को बैठा रखा था. ड्राइवर मुकेश ने ऑटो में पर्दे हटाकर एक्स्ट्रा सीटें लगा दी थीं. ट्रैफिक दरोगा आफाक खान ने नियमों के उल्लंघन पर ऑटो का 9700 रुपये का चालान काटा है.

Kannauj Traffic Police Fined Overloaded Auto 18 Passengers 9700 Rupees

Kannauj Ajab Gajab: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसे देखकर आप भी यही कहेंगे कि ‘भाई! इंडिया में कुछ भी मुमकिन है.’ यहां सड़कों पर चल रही गाड़ियों की चेकिंग कर रही पुलिस के होश उस वक्त उड़ गए, जब उन्होंने सिर्फ तीन लोगों की क्षमता वाले एक छोटे से ऑटो को रुकवाया. पुलिस ने जब ऑटो के अंदर झांका तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं. उस नन्हे से ऑटो में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 18 लोग ठसाठस भरे हुए थे. ट्रैफिक दरोगा ने इस जानलेवा जुगाड़ पर तुरंत एक्शन लेते हुए ड्राइवर पर 9,700 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोक दिया है.

ऑटो है या लोकल ट्रेन?

ये हैरान कर देने वाला वाकया कन्नौज से तिर्वा जाने वाले मार्ग का है. यातायात दरोगा आफाक खान अपनी टीम के साथ रूटीन चेकिंग कर रहे थे, तभी उन्हें एक ऑटो आता दिखा जो सवारियों से बुरी तरह लदा हुआ था. जब ऑटो को रोककर सवारियों को नीचे उतारना शुरू किया गया, तो पुलिसवाले भी हैरान रह गए. उसमें से ज्यादातर महिलाएं और छोटे बच्चे निकले.

दरअसल, ऑटो चालक मुकेश ने ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में गाड़ी के साथ गजब की छेड़छाड़ की थी. उसने ऑटो के आगे, बीच में और पीछे का पर्दा हटाकर एक्स्ट्रा जुगाड़ू सीटें फिट कर दी थीं. वह इस ऑटो को किराए पर लेकर चलाता था, लेकिन चंद रुपयों के लालच में उसने इतने लोगों की जान जोखिम में डाल दी. नियम के मुताबिक, ऑटो में ड्राइवर के अलावा सिर्फ 3 सवारियां ही बैठ सकती हैं.

रोजाना चेकिंग अभियान

कन्नौज के एसपी विनोद कुमार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है. उन्होंने साफ कहा है कि सड़क पर इस तरह यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा. जिले में ओवरलोडिंग और नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कमर्शियल वाहनों के खिलाफ अब रोजाना एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया जाएगा. इस पूरे अभियान की कमान और निगरानी का जिम्मा सीओ ट्रैफिक कुलवीर सिंह को सौंपा गया है.

ये भी पढ़ें: गुस्से का ‘महंगा’ घूंट! नाराज लाडले ने एक सेकंड में झील में उड़ाया मां का iPhone, लोग बोले- ‘गया लाखों का फटका’, देखें वायरल VIDEO

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read