Scorpio Accident:नीरज त्यागी/मुजफ्फरनगर: क्या आपने कभी किसी कार को सड़क पर जिम्नास्टिक करते देखा है? अगर नहीं, तो मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर ऐसा ही कुछ हुआ. एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर ऐसी कलाबाजियां खाईं कि देखने वालों के कलेजे मुंह को आ गए. फिल्म ‘सिंघम’ के किसी स्टंट सीन की तरह कार हवा में लहराई, पलटी मारी और सीधे डिवाइडर पर जा टिकी. इतनी भयानक टक्कर के बाद भी कार के अंदर बैठे लोगों को एक खरोंच तक नहीं आई.
हाईवे पर मचा ‘हाई वोल्टेज’ ड्रामा
मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र का है. मंगलवार को मुजफ्फरनगर से देवबंद की ओर जा रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार अचानक बेकाबू हो गई. रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर जब तक कुछ समझ पाता, गाड़ी सड़क पर फुटबॉल की तरह लुढ़कने लगी. चश्मदीदों की मानें तो मंजर ऐसा था जैसे कोई खिलौना कार हवा में उछल रही हो. सड़क किनारे ढाबे पर खाना खा रहे लोग अपनी थाली छोड़ खड़े हो गए कि अब तो अनहोनी पक्की है.
जाको राखे साइयां… वाली कहावत हुई सच
कहते हैं जिसे भगवान बचाना चाहे, उसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता. इस हादसे में भी यही हुआ. कार में जाकिर और राकिब समेत कुल चार लोग सवार थे. गाड़ी के परखच्चे उड़ गए, टायर ऊपर हो गए, लेकिन जैसे ही धूल का गुबार शांत हुआ, अंदर बैठे लोग सुरक्षित बाहर निकल आए.
CCTV में कैद हुआ ‘स्टंट’
यह पूरी खौफनाक घटना पास के ही एक ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
वीडियो देखकर लोग हैरान हैं कि कैसे इतनी बुरी तरह पलटने के बाद भी अंदर बैठे चारों लोग बिल्कुल महफूज हैं.
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई?
घटना की खबर मिलते ही रोहना पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने क्रेन बुलाकर ‘कबाड़’ बन चुकी स्कॉर्पियो को डिवाइडर से हटवाया. सीओ सिटी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया, “सोशल मीडिया से वीडियो मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. जांच में पाया गया कि गाड़ी में चार लोग सवार थे और गनीमत रही कि किसी को भी चोट नहीं आई है. गाड़ी को और उसमें सवार लोगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: नहर में मगरमच्छ देख उसकी पूंछ पकड़ने लगा युवक, जरा-सी चूक पर गंवा देता जान! यूपी का ये VIDEO देखा क्या?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


