Bharat Express DD Free Dish

दूध की गाड़ी… लेकिन अंदर निकली शराब! तस्करों का ‘दूध वाला’ खेल फेल

Nawada liquor smuggling case: बिहार के नवादा में शराब तस्करों ने दूध ढोने वाले मिनी कंटेनर में छिपाकर शराब की खेप ले जाने की कोशिश की, जिसे उत्पाद विभाग ने नाकाम कर दिया. गोविंदपुर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जबकि झारखंड से बेगूसराय जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया.

Nawada liquor smuggling case

Nawada liquor smuggling case

Nawada liquor smuggling case: बिहार में शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद शराब तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आ रहे हैं. इस बार नवादा जिले में तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए दूध ढोने वाले मिनी कंटेनर वाहन का इस्तेमाल किया. हालांकि, गोविंदपुर चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की सतर्कता के चलते उनकी पूरी साजिश नाकाम हो गई. जांच के दौरान वाहन से 246 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई, जबकि दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.

दूध के कंटेनर में बनाया था गुप्त चैंबर

जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक दूध के मिनी कंटेनर वाहन पर उत्पाद विभाग की टीम को संदेह हुआ. जब वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई तो जिस हिस्से में दूध रखा जाना था, वहां विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त स्थान में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी. टीम ने वाहन से कुल 246 कार्टन शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया.

यह भी पढ़ें: मानसून का ‘सुपर-विलेन’ अवतार: 16 राज्यों में 90 की स्पीड से तूफान, आंधी से मचेगा हाहाकार

झारखंड से बेगूसराय पहुंचाई जा रही थी खेप

कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की खेप झारखंड से लोड की गई थी और इसे बेगूसराय पहुंचाया जाना था. बरामद विदेशी शराब की कीमत बिहार में करीब 8 से 9 लाख रुपये आंकी गई है. दूध के कंटेनर से शराब निकलते देख मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग

उत्पाद विभाग ने वाहन को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप किसके इशारे पर भेजी जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. विभाग को उम्मीद है कि पूछताछ से शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है. साथ ही सीमावर्ती इलाकों और प्रमुख चेकपोस्टों पर जांच अभियान को और सख्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read