Bharat Express DD Free Dish

“साड़ी नहीं लाया तो मार डाला…” पत्नी ने कुकर के ढक्कन से पीट-पीटकर ले ली पति की जान

ठाणे के बदलापुर में एक महिला ने नई साड़ी नहीं लाने पर अपने पति की कुकर के ढक्कन से हमला कर और गला दबाकर हत्या कर दी. आरोपी महिला ने इसे हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मर्डर का राज खोल दिया.

Thane, Crime News

Thane Crime News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है जहां घरेलू कलह के दौरान एक महिला ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया. बदलापुर ईस्ट इलाके में घटी इस खौफनाक घटना के पीछे की वजह सिर्फ इतनी सी थी कि पति पत्नी के लिए नई साड़ी लेकर नहीं आया था. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है.

मामूली सी बात पर हुआ झगड़ा

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 35 वर्षीय हरेराम किशुनजी सिंह के रूप में हुई है. आरोपी पत्नी सुनीतादेवी मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली है. 19 जुलाई को पति-पत्नी के बीच साड़ी न लाने को लेकर बहस शुरू हुई थी.

देखते ही देखते यह मामूली सी कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से से आगबबूला होकर सुनीता ने किचन में रखा प्रेशर कुकर का ढक्कन उठाया और पति के सिर पर दे मारा. इसके बाद भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने पति का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

हादसा बताकर पुलिस को किया गुमराह

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला ने खुद को बचाने के लिए पूरी कहानी गढ़ी. उसने पुलिस को गुमराह करते हुए इसे एक हादसा बताने की कोशिश की. पुलिस ने भी शुरुआत में पत्नी के बयानों के आधार पर एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.

ये भी पढ़ें- सफियासराय चर्चित मधु कुमारी हत्याकांड: FSL रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, पति दारोगा ने ही सर्विस पिस्टल से मारी थी गोली

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला खौफनाक राज

मामले का खुलासा तब हुआ जब सरकारी अस्पताल से मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई. बदलापुर ईस्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर नितिन पाटिल ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट से साफ हो गया कि यह कोई हादसा नहीं था बल्कि गला दबाने से दम घुटने के कारण मौत हुई थी.

रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की और परिजनों व मकान मालिक से सुराग जुटाए, तो महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. मंगलवार को पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे 29 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read