Bharat Express DD Free Dish

जयमाल के बाद टूट गई दो शादियां: यूपी में कहीं दूल्हे की काया देख भड़की दुल्हन, तो कहीं मंडप सूना कर भागी युवती

उत्तर प्रदेश के औरैया और बस्ती जिलों में शादी के दौरान दो बेहद अजीबोगरीब वाकये सामने आए हैं. औरैया में वरमाला के बाद साले से विवाद होने पर दुल्हन ने दूल्हे को ‘दुबला-पतला’ बताकर शादी तोड़ दी.

UP Weird Weddings Bride Rejects Thin Groom, Another Flees After Jaimala

AI IMAGE

UP Weird Wedding: उत्तर प्रदेश के शादियों के सीजन से अक्सर ऐसी अजीबोगरीब खबरें आती हैं जो सबको हैरान कर देती हैं. इस बार यूपी के औरैया और बस्ती से दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां वरमाला की रस्म तो पूरी हो गई, लेकिन बात सात फेरों तक नहीं पहुंच सकी. दोनों ही शादियों में ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ कि बारात को बिना दुल्हन के ही खाली हाथ वापस लौटना पड़ा.

औरैया: ‘दूल्हा बहुत दुबला है’

पहली घटना औरैया जिले के अछल्दा क्षेत्र की है. यहां इटावा से गाजे-बाजे के साथ एक बारात आई थी. द्वारचार से लेकर स्वागत सत्कार तक सब कुछ बहुत शानदार रहा. दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंचे और हंसते-मुस्कुराते हुए एक-दूसरे को वरमाला भी पहना दी. लेकिन असली ट्विस्ट इसके बाद आया.

मंच पर ही दुल्हन के भाई ने मजाक-मजाक में दूल्हे के गाल पर चिकोटी काट (पिंच कर) दी. इस बात पर दूल्हा भड़क गया और उसने साले को डांट दिया. देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चल गए. इस हंगामे के बीच दुल्हन ने अचानक शादी से इनकार कर दिया. जब वजह पूछी गई, तो उसने कहा, “दूल्हा बहुत दुबला-पतला है, मुझे ऐसा लड़का नहीं चाहिए.” रात भर पंचायत बैठी, पुलिस भी बुलाई गई, लेकिन लड़की अपने फैसले पर अड़ी रही और बारात उल्टे पैर लौट गई.

बस्ती: वरमाला पहनकर छत के रास्ते फरार हुई दुल्हन

दूसरा चौंकाने वाला मामला बस्ती जिले के रूधौली थाना क्षेत्र का है. यहां गुरुवार की रात बारात बड़े चाव से आई थी. दूल्हा और दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और दोनों परिवारों ने मंच पर जमकर फोटो भी खिंचवाए. इसके बाद दुल्हन अपने कमरे में चली गई और बाराती आराम से खाना खाने लगे.

कुछ देर बाद जब पंडित जी ने फेरों के लिए दुल्हन को मंडप में बुलाया, तो घर में हड़कंप मच गया. दुल्हन अपने कमरे से गायब थी. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह चुपके से छत के रास्ते कहीं निकल गई है. बेटी के अचानक गायब होने से परेशान पिता ने तुरंत पुलिस को फोन किया. काफी तलाश के बाद भी जब दुल्हन का कुछ पता नहीं चला, तो दोनों पक्ष थाने पहुंचे. आखिर में, बदरंग हो चुके शादी के माहौल के बीच दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले जानी पड़ी.

ये भी पढ़ें: गलत नस काटी, फिर बोला- ‘ये अल्लाह की मर्जी है’, गाजियाबाद के डॉक्टर की खौफनाक लापरवाही

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read