Bharat Express DD Free Dish

GST की दरों में कटौती के बाद हरे निशाने पर खुला भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स 550 अंक से अधिक उछला

Indian Stock Market: जीएसटी दरों में कटौती के बाद भारतीय शेयर बाजार में तेजी लौटी. सेंसेक्स 550 अंक उछला, निफ्टी भी 150 अंक चढ़ा. ऐसे में चलिए जानें सेक्टोरल इंडेक्स और ग्लोबल मार्केट्स का हाल.

Indian Stock Market

Indian Stock Market: जीएसटी की दरों में कमी का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर दिखा. गुरुवार के कारोबारी सत्र में बाजार मजबूती के साथ खुला. सुबह 9:25 बजे सेंसेक्स 557 अंक की छलांग लगाकर 81,126 पर पहुंच गया. निफ्टी भी 150 अंक की बढ़त के साथ 24,865 पर कारोबार कर रहा था.

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बढ़त

लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी तेजी देखने को मिली. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 127 अंक ऊपर 57,471 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स हल्की बढ़त के साथ 17,772 पर कारोबार कर रहा था.

सेक्टोरल इंडेक्स का हाल

ऑटो, एफएमसीजी, कंजप्शन, प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर हरे निशान में रहे. वहीं आईटी, फार्मा, मेटल, एनर्जी, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स लाल निशान में फिसले.

ये भी पढ़ें: GST Rate Cut: मोदी सरकार ने खत्म की 12% और 28% जीएसटी स्लैब, 22 सितंबर से लागू होंगी नई दरें, ये सभी सामान हो जाएंगे सस्ते

सेंसेक्स पैक में टॉप गेनर्स और लूजर्स

एमएंडएम, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, एचयूएल, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक टॉप गेनर्स में शामिल रहे.वहीं टाटा स्टील, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, एनटीपीसी और इटरनल (जोमैटो) टॉप लूजर्स रहे.

बाजार में तेजी की वजह

विशेषज्ञों का मानना है कि जीएसटी दरों में बड़ी कटौती से यह तेजी आई है। इससे आर्थिक विकास को नया बल मिलेगा. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, “जीएसटी सुधार उम्मीद से ज्यादा प्रभावी साबित हुआ है. इससे उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों का लाभ मिलेगा और कॉर्पोरेट सेक्टर की आय भी बढ़ेगी.” उन्होंने कहा कि यह सुधार मौजूदा राजकोषीय और मौद्रिक प्रोत्साहनों के साथ मिलकर एक सकारात्मक चक्र बनाएगा. इससे वित्त वर्ष 2026 में विकास दर 6.5% और 2027 में 7% तक पहुंच सकती है.

एशियाई और अमेरिकी बाजारों का हाल

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार दिखा। टोक्यो, सियोल और बैंकॉक की मार्केट्स हरे निशान में रहीं, जबकि शंघाई, जकार्ता और हांगकांग की मार्केट्स में गिरावट रही. अमेरिकी बाजार भी बुधवार को मिश्रित बंद हुए. डाओ जोन्स सपाट रहा जबकि नैस्डैक में हल्की बढ़त दर्ज की गई.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read