Bharat Express DD Free Dish

जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी ने लुटाई दौलत तो क्यों भड़क गए एलन मस्क? मैकेंज़ी के 26 अरब डॉलर के दान पर मचा बवाल

जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंज़ी स्कॉट अब तक 26.3 अरब डॉलर से अधिक राशि सामाजिक कार्यों के लिए दान कर चुकी हैं. उनके ‘नो-स्ट्रिंग्स-अटैच्ड’ दान मॉडल की दुनियाभर में सराहना हो रही है, जबकि एलन मस्क ने इसकी आलोचना की है…

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शुमार और अमेज़न के फाउंडर जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंज़ी स्कॉट ने अपनी बेशुमार दौलत को लेकर एक ऐसा ऐतिहासिक कदम उठाया है, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. मैकेंज़ी स्कॉट ने सामाजिक कार्यों और चैरिटी के लिए अब तक रिकॉर्ड 26.3 अरब डॉलर (करीब 2.19 लाख करोड़ रुपये) से ज्यादा की रकम दान कर दी है.

इसके साथ ही वह मानव इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत दानदाताओं की लिस्ट में शामिल हो गई हैं. हालांकि, मैकेंज़ी के इस कदम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के मालिक एलन मस्क बुरी तरह चिढ़ गए हैं और उन्होंने इस महा-दान को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है.

26.3 अरब डॉलर का दिया दान(MacKenzie Scott Donation)

साल 2019 में जेफ बेजोस से तलाक के बाद मैकेंज़ी स्कॉट को अमेज़न में हिस्सेदारी के रूप में भारी-भरकम संपत्ति मिली थी. इसके बाद उन्होंने ‘द गिविंग प्लेज’ पर साइन करते हुए संकल्प लिया था कि वह अपनी जिंदगी में अपनी आधी से ज्यादा संपत्ति दान कर देंगी.

मैकेंज़ी अब तक अपनी वेल्थ मैनेजमेंट संस्था ‘यील्ड गिविंग’ के जरिए 2,700 से ज्यादा गैर-लाभकारी संगठनों, कम्युनिटी कॉलेजों, ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों और जरूरतमंद संस्थाओं को 26.3 अरब डॉलर बांट चुकी हैं. अमेरिका के शीर्ष 25 परोपकारियों की सूची में वह अब वॉरेन बफेट और बिल गेट्स के बाद सीधे तीसरे नंबर पर आ गई हैं.

मैकेंज़ी के दान करने के अनोखे तरीके से हैरान हैं लोग

आमतौर पर जब कोई अरबपति बड़ा दान करता है, तो वह कई तरह की शर्तें रखता है या अपने नाम पर बड़ी-बड़ी इमारतें और ट्रस्ट बनवाता है. लेकिन मैकेंज़ी स्कॉट का तरीका पूरी तरह अलग और ‘नो-स्ट्रिंग्स-अटैच्ड’ यानी बिना शर्त वाला है. वह गुपचुप तरीके से सर्वे कराकर उन जमीनी संस्थाओं को चुनती हैं जो सच में काम कर रही हैं. इसके बाद वे सीधे करोड़ों डॉलर उनके खातों में ट्रांसफर कर देती हैं, बिना यह पूछे कि पैसा कहां और कैसे खर्च होगा. उनके इस भरोसेमंद रवैये की वजह से दुनिया भर के समाजसेवियों में उनके प्रति भारी सम्मान है.

दौलत लुटाने के बाद भी नहीं कम हो रही मैकेंज़ी की संपत्ति

अमेज़न के शेयरों का कमाल: सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 26 अरब डॉलर से ज्यादा की रकम पानी की तरह बहाने के बाद भी मैकेंज़ी स्कॉट की कुल नेटवर्थ में कोई बड़ी गिरावट नहीं आई है. मौजूदा समय में उनकी कुल संपत्ति लगभग 40 अरब डॉलर के आसपास बनी हुई है.

कमाई की रफ्तार तेज: दरअसल, मैकेंज़ी की संपत्ति का मुख्य हिस्सा अमेज़न के शेयरों में है. जैसे-जैसे शेयर बाजार में अमेज़न के स्टॉक की कीमतें बढ़ती जा रही हैं, वैसे-वैसे उनका बचा हुआ फंड भी तेजी से ग्रो कर रहा है. इसी वजह से वे जितनी तेजी से पैसा दान कर रही हैं, उतनी ही तेजी से उनकी संपत्ति दोबारा बढ़ती जा रही है.

मैकेंज़ी के दान पर क्या बोले एलन मस्क?

मैकेंज़ी के इस महा-दान पर दुनिया भर में तारीफ हो रही है, लेकिन टेक टायकून एलन मस्क को यह रास नहीं आ रहा है. सोशल मीडिया पर एक यूजर के पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए मस्क ने कहा कि मैकेंज़ी का यह दान समाज को फायदा पहुंचाने के बजाय नुकसान पहुंचा रहा है. आलोचकों और मस्क का मानना है कि मैकेंज़ी का अरबों डॉलर का फंड उन संस्थाओं और प्रगतिशील ग्रुप्स के पास जा रहा है, जो पारंपरिक अमेरिकी व्यवस्था और नीतियों के खिलाफ काम करते हैं. मस्क ने पहले भी तंज कसते हुए कहा था कि अपने पूर्व पतियों से नफरत करने वाली सुपर-रिच पूर्व पत्नियों को ‘पश्चिमी सभ्यता के पतन के कारणों’ की लिस्ट में डाल देना चाहिए.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read