Navi Mumbai Airport: नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) ने आज से व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत कर दी. इसके साथ ही मुंबई की हवाई यात्रा क्षमता में बड़ा इजाफा हुआ है. यह हवाई अड्डा मुंबई के लिए दूसरा बड़ा एयरपोर्ट है, जिससे पुराने एयरपोर्ट पर बोझ कम होगा.
हवाई अड्डे की पहली व्यावसायिक उड़ान इंडिगो की थी, जो बेंगलुरु से सुबह 8 बजे नवी मुंबई पहुंची. विमान के उतरते ही पानी की बौछार (वॉटर सैल्यूट) से उसका स्वागत किया गया. पहले ही दिन 48 उड़ानों का संचालन हुआ और 4,000 से ज्यादा यात्रियों ने इस हवाई अड्डे से सफर किया.

गौतम अडानी ने किया यात्रियों का स्वागत
अदानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी खुद एयरपोर्ट पहुंचे और पहली उड़ान से आए यात्रियों का स्वागत किया. उन्होंने एयरपोर्ट के कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और पहली बार हवाई यात्रा करने वाले लोगों से भी बातचीत की. बाद में उन्होंने कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के साथ टर्मिनल भवन का दौरा किया.
सेनानायकों ने किया ध्वजारोहण
उद्घाटन कार्यक्रम में परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन बाना सिंह और सूबेदार मेजर संजय कुमार ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ. इस मौके पर क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव, फुटबॉलर सुनील छेत्री, पूर्व क्रिकेटर मिताली राज और कुछ सोशल मीडिया हस्तियां भी मौजूद रहीं.

इमारत नहीं भारत की ताकत का प्रतीक
गौतम अडानी ने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि भारत की आगे बढ़ती ताकत का प्रतीक है. उन्होंने इसे मुंबई और देश के लिए गर्व का दिन बताया.
यह हवाई अड्डा अदानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड ने बनाया और संचालित किया है. इसका उद्देश्य मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करना है. अब मुंबई भी लंदन, न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे उन बड़े शहरों में शामिल हो गई है, जहां एक से ज्यादा एयरपोर्ट हैं.

उद्घाटन के मौके पर आयोजित हुए कई कार्यक्रम
एयरपोर्ट से इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर की नियमित उड़ानें शुरू हो गई हैं. उद्घाटन के मौके पर महाराष्ट्र की लोक संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी हुए, जिनमें ढोल, लेझीम और तुतारी शामिल थे.
कुछ किसानों, गरीब परिवारों और दिव्यांग कर्मचारियों को विशेष उड़ान के जरिए पहली बार हवाई सफर का मौका दिया गया. इंडिया पोस्ट ने इस मौके पर एक विशेष डाक कवर भी जारी किया.

जीत अडानी भी रहे मौजूद
अदानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स के निदेशक जीत अडानी ने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए एक मजबूत हवाई व्यवस्था तैयार करेगा और आने वाले वर्षों में यात्रियों को बेहतर सुविधा देगा.
हवाई अड्डे के शुरू होने से एक दिन पहले आसमान में ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जिसमें 1,515 ड्रोन से भारत की प्रगति और एयरपोर्ट के डिजाइन को दिखाया गया.

हर साल 9 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 1,160 हेक्टेयर में फैला है. पूरा होने पर यह हर साल 9 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा. फिलहाल पहले चरण में यहां से सालाना 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही हो सकेगी.
यह नया एयरपोर्ट न केवल मुंबई की हवाई यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था और विकास को भी नई गति देगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

