रिलायंस जियो
Reliance Jio: अमेरिका की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी टी-मोबाइल को पीछे छोड़कर रिलायंस जियो दुनिया की सबसे बड़ी फिक्सड वायरलेस एक्सेस सर्विस प्रोवाइडर कंपनी बन सकती है. सरल शब्दों में कहें तो घरों व दफ्तरों में उपलब्ध वाई-फाई सर्विस को FWA यानी फिक्सड वायर्ड एक्सेस सर्विस कहा जाता है.
आईसीआईसीआई सिक्योरिटिस ने रविवार को जारी एक रिपोर्ट में बताया कि रिलायंस जियो के पास जून 2025 तक दुनिया के सबसे अधिक FWA ग्राहक होने की संभावना है. टी-मोबाइल के आंकड़े बताते हैं कि मार्च 2025 में कंपनी के पास 68 लाख 50 हजार के करीब FWA ग्राहक थे.
रिलायंस जियो के FWA ग्राहकों की संख्या 68 लाख 80 हजार के पार
इसके मुकाबले भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के हालिया जारी आंकड़ों के मुताबिक मई माह में रिलायंस जियो के FWA ग्राहकों की तादाद 68 लाख 80 हजार को पार कर गई थी. जाहिर है अमेरिकी कंपनी ने भी अगले कुछ महीनों में नए ग्राहक जोड़े होंगे. परंतु रिलायंस जियो के ग्राहक जोड़ने की स्पीड कहीं ज्यादा है. मई माह में कंपनी ने करीब 7.5 लाख नए FWA ग्राहक अपने पोर्टफोलियो में जोड़े हैं.
जून 2025 तक अमेरिकी कंपनी को पीछे छोड़ देगी जियो
आईसीआईसीआई सिक्योरिटिस का मानना है कि जिस स्पीड से रिलायंस जियो नए FWA ग्राहक जोड़ रही है उस स्पीड से जून 2025 तक वह अमेरिकी कंपनी टी मोबाइल को पीछे छोड़ देगी. भारत में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल ही FWA सर्विस देती हैं. मई महीने में एयरटेल ने करीब 1 लाख 82 हजार नए ग्राहक जोड़े थे. कंपनी के FWA ग्राहक अब बढ़कर 15 लाख 40 हजार हो गए हैं. वोडाफोन आइडिया अभी FWA सर्विस नहीं देती है.
जियो ने कब की थी अपनी FWA सेवा लॉन्च
रिलायंस जियो ने 19 सितंबर 2023 को अपनी FWA सेवा जिसे Jio AirFiber कहा गया, लॉन्च की थी. जिसकी मदद से बिना तारों के भी घरों में हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा प्रोवाइड की जा सकती थी. यह सेवा खास तौर पर उन इलाकों के लिए है जहां फाइबर लाइन बिछाना मुश्किल होता है. कंपनी ने पहली बार 21 सितंबर से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता समेत आठ बड़े शहरों में इसे शुरू किया था.
लॉन्चिंग के समय जियो ने दावा किया था कि यह FWA (Fixed Wireless Access) तकनीक भारत के करोड़ों घरों को तेजी से इंटरनेट से जोड़ेगी. जियो AirFiber के ज़रिए अब गांव और कस्बों में भी स्मार्ट इंटरनेट की पहुंच आसान हो सकेगी.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


