Gautam Adani Thanksgiving Puja: उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी को अमेरिका की अदालत से एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक कानूनी राहत मिली है. न्यूयॉर्क की एक अदालत ने गौतम अदाणी, उनके भतीजे सागर अदाणी और विनीत जैन के खिलाफ लगे आपराधिक आरोपों को पूरी तरह से (With Prejudice) खारिज कर दिया है. इस फैसले के बाद मीडिया के सामने आए गौतम अदाणी ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की, अपने माता-पिता के चित्रों पर फूल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया और संकट के समय में साथ खड़े रहने वाले लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया.
‘सच्चाई और कानून पर मेरा था भरोसा’
फैसले का स्वागत करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि मुश्किल वक्त में भी सच्चाई, निष्पक्षता और कानून के शासन पर उनका विश्वास हमेशा अटूट रहा. उन्होंने कहा, ‘मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने कठिन समय में मुझ पर, हमारी व्यवस्था पर और भारत की न्याय क्षमता पर अटूट विश्वास बनाए रखा.’
भगवान और अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेते हुए, गौतम अदाणी ने उन सब का धन्यवाद किया जो कठिन दौर में भी उनके साथ डटे रहे और उन पर भरोसा बनाए रखा। pic.twitter.com/jOzX52J7jT
— Adani Group (@AdaniOnline) August 11, 2026
अदाणी समूह ने स्पष्ट किया है कि वे राष्ट्र निर्माण, दीर्घकालिक मूल्य पैदा करने और देश की सेवा के अपने संकल्प पर पूरी मजबूती से डटे रहेंगे.
हमेशा के लिए खत्म हुआ केस
न्यूयॉर्क के ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी जिला अदालत के इस फैसले के साथ ही तीनों के खिलाफ चल रहा क्रिमिनल केस हमेशा के लिए समाप्त हो गया है. इसके अलावा, अदाणी समूह और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) के बीच सिविल मामले में भी एक समझौता हो गया है, जिसके तहत 1.8 करोड़ डॉलर ($18 million) दिए जाएंगे.
खास बात यह रही कि अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) ने खुद अदालत में यह माना कि इस मामले से जुड़े किसी भी निवेशक का एक पैसा भी नहीं डूबा है. इस तरह, अमेरिका में अदाणी समूह पर लगे तमाम कानूनी विवादों का पूरी तरह से पटाक्षेप हो गया है.
ये भी पढ़ें: ‘सच्चाई की हुई जीत!’ US कोर्ट से केस खारिज होने पर आया गौतम अडानी का पहला बयान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

