Vaishali News: बिहार के DGP विनय कुमार के गृह जिले वैशाली में पुलिस के कारनामे ने वर्दी को शर्मशार कर दिया. लालगंज थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के घर में छापेमारी कर 50 लाख से ऊपर के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली. मामला खुल जाने पर पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. वहीं आरोपी दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है.
जांच अधिकारियों ने आरोपी पुलिस पदाधिकारियों के पास से कई टीवी, पीतल के बर्तन और कारतूस बरामद हुए हैं. फिलहाल गोल्ड और कैश के बारे में जांच अधिकारी पता लगा रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला लालगंज थाना क्षेत्र का है. जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिलनपुर गांव निवासी रामप्रीत सहनी के घर रेड करने पहुंची थी. मौके पर से पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी के पीतल के बर्तन, दो टीवी, दो जिंदा कारतूस बरामद किया था. पुलिस को उस घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने और नकदी भी बरामद हुई थी, लेकिन उसे जब्ती सूची में ना दिखाकर लालगंज थाना अध्यक्ष संतोष कुमार और दरोगा सुमन कुमार ने छिपा लिया.
जिसके घर में रेड हुई थी, उसने वरीय पुलिस को मामले की सूचना दी कि उसके घर से सोना, चांदी और नकदी भी पुलिस ले गई. जिसकी कीमत 50 लाख रुपये से ऊपर है. जिसके बाद वैशाली एसपी ने मामले में जांच बैठा दी. जांच अधिकारियों ने मामले को सही पाया और दोनों पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया.
ये भी पढ़ें- क्या है भारत का डोनाल्ड ट्रंप को संदेश? वेनेजुएला के हालातों पर MEA की पहली प्रतिक्रिया
छापेमारी में गोल्ड और कैश भी मिले
इस संबंध में एसपी वैशाली ललित मोहन शर्मा ने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को लालगंज थाना प्रभारी और उनकी टीम के द्वारा एक घर में छापेमारी की गई थी. सूचना थी कि वहां चोरी का सामान है. जो सामान बरामद हुआ है उसके आधार पर केस दर्ज किया गया है. बाद में जानकारी मिली कि छापेमारी के दौरान कई और सामान जब्त किये गए थे, जिसे दर्शाया ही नहीं गया.
एसपी ने आगे बताया कि, इस मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं की गई थी, जो छापेमारी के दौरान करना अनिवार्य है. इस मामले में डीआईजी के आदेश पर एसएचओ और एक सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है. जैसे ही मामले की पूरी जानकारी आती है तो मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस एसएचओ के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज कराया गया था. कुछ टीवी, कुछ कारतूस बरामद हुआ है. वहीं गोल्ड और कैश गायब है. जैसे ही इस मामले में आगे की जानकारी आती है हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




