Bharat Express DD Free Dish

नाबालिग बहनों को अगवा कर दुष्‍कर्म किया था, पुलिस को देखते ही फ्लाईओवर से कूदा, टूट गए दरिंदे के दोनों पैर

टॉफी का लालच देकर दो नाबालिग सगी बहनों का अपहरण किया था, सुनसान जगह ले जाकर आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया. शोर मचाने पर भागा, दो दिन बाद पुलिस की दबिश में घायल हुआ ये गुनहगार.

Gurgaon horror Auto driver
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

रिपोर्ट— अतुल यादव, भारत एक्सप्रेस, मानेसर.

गुरुग्राम: 13 दिसंबर को शहर में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जब टॉफी का लालच देकर दो नाबालिग सगी बहनों का अपहरण किया गया और एक बच्ची से दुष्कर्म किया गया. मामले में फरार आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस को देखकर केएमपी फ्लाईओवर से कूद गया, जिससे उसके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं. आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है और उपचार के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा.

पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर को आरोपी ऑटो चालक ने इलाके में खेल रही छह और आठ वर्ष की दो नाबालिग सगी बहनों को टॉफी देने का लालच देकर अपने साथ ले गया. आरोपी दोनों बच्चियों को सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया.

घटना के दौरान बच्ची के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे कुछ लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया. राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भिजवाया. जांच के बाद बच्चियों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित कीं. सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की गई. सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी केएमपी फ्लाईओवर के पास देखा गया है.

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, तो उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी. इस दौरान उसके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं. घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी फिलहाल अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती है. उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर होने के कारण उपचार जारी है. डॉक्टरों से फिटनेस मिलने के बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा. पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

30 साल की उमा को बिलाल ने कैसे मारा? दोनों दो साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे, पुलिस जांच में चला पता- गला घोंटकर गर्दन काटी



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read