NEET PG Exam 2026: देशभर में आयोजित हुई मेडिकल पोस्ट ग्रेजुएट प्रवेश परीक्षा NEET-PG 2026 में करीब 2.65 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए. नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) के अनुसार, 339 शहरों के 1,111 केंद्रों पर परीक्षा ज्यादातर शांतिपूर्ण रही और 2.63 लाख से अधिक अभ्यर्थियों का पेपर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
हालांकि, राजस्थान के जयपुर स्थित एक केंद्र पर आई भीषण तकनीकी खराबी और पावर कट की वजह से 2,445 छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया.
2 घंटे में 10 बार रीस्टार्ट हुआ एग्जाम
यह घटना जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone (iDZ) के दो केंद्रों (TC नंबर 41682 और 41683) की है. सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे की शिफ्ट में कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा (CBT) शुरू होते ही बिजली का संकट गहरा गया.
परीक्षार्थियों का आरोप है कि हर 10 से 15 मिनट में बिजली गुल हो रही थी, जिससे कंप्यूटर अचानक बंद हो रहे थे. परीक्षा में शामिल डॉ. गौरव ने बताया कि 2 घंटे के भीतर उनका सिस्टम 10 बार बंद और चालू हुआ. छात्रों को यह समझ नहीं आ रहा था कि परीक्षा पूरी हो भी पाएगी या नहीं.
अभ्यर्थियों ने सेंटर पर एसी, पंखे और पीने के पानी जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी पर भी गहरी नाराजगी जताई.
छात्रों ने काटा हंगामा
तीन घंटे का समय बीतने के बाद जब छात्र परीक्षा पूरी नहीं कर पाए, तो सेंटर के बाहर छात्रों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. मौके पर पहुंची पुलिस और एसीपी ललित शर्मा ने बताया कि सर्वर और इंटरनल पावर सप्लाई की गड़बड़ी के कारण परीक्षा प्रभावित हुई.
हंगामे को देखते हुए NBEMS ने तुरंत संज्ञान लिया और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की देखरेख वाले इस सेंटर का पेपर रद्द कर दिया. बोर्ड ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए प्रभावित 2,445 उम्मीदवारों के लिए 5 सितंबर 2026 (शनिवार) दोपहर 3 बजे दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया है. इन छात्रों के लिए नए संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे.
क्या केवल दो सेंटरों पर Re-Exam काफी?
बोर्ड के फैसले के बावजूद अभ्यर्थियों का असंतोष पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. छात्रों का तर्क है कि NEET-PG जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में एक-एक अंक से हजारों रैंक का अंतर आता है. अलग-अलग माहौल और अलग प्रश्नपत्र के साथ दोबारा परीक्षा कराने से पारदर्शित और समानता पर सवाल उठते हैं. छात्रों की मांग है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए.
यह भी पढ़ें: मेघालय की पहाड़ियों में ‘ऑपरेशन लोटस’ की गूंज, 2 से सीधे 11 हो सकते हैं BJP विधायक, UDP में टूट के संकेत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





