Bharat Express DD Free Dish

NEET री-एग्जाम से पहले पेपर लीक का दावा वायरल, NTA अलर्ट; साइबर क्राइम विभाग ने शुरू की जांच

NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम ग्रुप्स में पेपर बेचने के दावों ने छात्रों की चिंता बढ़ा दी है. NTA ने वायरल दावों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले को साइबर क्राइम विभाग को सौंप दिया है और अभ्यर्थियों को अफवाहों से बचने की सलाह दी है.

NEET Re-Exam 2026 को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है. 21 जून को होने वाली परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर कथित पेपर लीक के दावे तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन दावों ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू करा दी है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी साइबर क्राइम विभाग को भेज दी है.

टेलीग्राम ग्रुप्स में पेपर बेचने का दावा

पूरा मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने कुछ स्क्रीनशॉट और लिंक साझा किए. दावा किया गया कि टेलीग्राम पर कुछ ग्रुप्स 21 जून को होने वाले नीट री-एग्जाम का प्रश्नपत्र पहले से उपलब्ध होने का दावा कर रहे हैं.

बताया गया कि ‘PROOF’, ‘PRIVATE GROUP’ और ‘PRIVATE MAFIA’ नाम से चल रहे इन टेलीग्राम ग्रुप्स में हजारों लोग जुड़े हुए हैं. इन ग्रुप्स में कथित तौर पर परीक्षा के प्रश्नपत्र होने का दावा करते हुए कई तस्वीरें पोस्ट की गई हैं. साथ ही उम्मीदवारों से 35 हजार रुपये एडवांस देने की मांग की जा रही है. छात्रों का भरोसा जीतने के लिए यह भी कहा जा रहा है कि कुछ सवाल मुफ्त में उपलब्ध कराए जाएंगे.

NEET UG 2026, NEET Re Exam, NTA

NTA ने तुरंत लिया संज्ञान

जैसे ही यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आया और शिक्षा मंत्रालय, एनटीए तथा साइबर सुरक्षा एजेंसियों को टैग किया गया, NTA ने तुरंत प्रतिक्रिया दी. एजेंसी ने स्पष्ट किया कि वायरल हो रहे सभी लिंक और दावों को जांच के लिए साइबर क्राइम विभाग के पास भेज दिया गया है.

एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. एजेंसी लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके.

NEET UG 2026, NEET Re Exam, NTA

विशेषज्ञों ने बताया संभावित ऑनलाइन स्कैम

इस बीच कई साइबर विशेषज्ञों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का मानना है कि यह छात्रों को ठगने की कोशिश भी हो सकती है. उनका कहना है कि टेलीग्राम पर दिखाई जा रही तस्वीरें पुरानी परीक्षाओं या किसी अन्य परीक्षा से जुड़ी हो सकती हैं. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इन दावों को सही मानना उचित नहीं होगा.

विशेषज्ञों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति या ग्रुप को पैसे न भेजें और ऐसे लालच में बिल्कुल न आएं. परीक्षा के दबाव का फायदा उठाकर ठगी करने वाले गिरोह अक्सर इसी तरह के हथकंडे अपनाते हैं.

ये भी पढ़ें- CBSE Re-evaluation: 12वीं के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! खुल गया री-इवैल्युएशन पोर्टल, जानें कैसे करें ऑनलाइन अप्लाई?

छात्रों के लिए अहम जानकारी

गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा को कथित पेपर लीक के सबूत सामने आने और जांच शुरू होने के बाद रद्द कर दिया गया था. मामले में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

अब री-एग्जाम 21 जून 2026 को एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा. परीक्षा के एडमिट कार्ड 14 जून को जारी किए जाएंगे. एनटीए और शिक्षा मंत्रालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और सरकारी स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें तथा सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से सावधान रहें.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read