NMMSS Scholarship 2026 Registration: सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 9वीं कक्षा में पढ़ रहे छात्रों के लिए काम की खबर है. शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए ‘नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम’ (NMMSS) के रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं. इस योजना के तहत छात्र 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं. वहीं 10वीं से 12वीं तक के छात्र भी इसी तारीख तक अपनी स्कॉलरशिप रिन्यू करा सकते हैं.
क्या है NMMSS योजना और किसे मिलेगा फायदा?
केंद्र सरकार की इस योजना का मुख्य मकसद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों को आर्थिक मदद देना है, ताकि वे 8वीं के बाद पढ़ाई न छोड़ें. इसके तहत हर साल 9वीं कक्षा के एक लाख नए पात्र छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाती है. शर्तें पूरी करने पर यह स्कॉलरशिप 12वीं तक जारी रहती है.
ये भी पढ़ें: अपने नाम पर खुलवाना चाहते हैं सरकारी अस्पताल या कॉलेज? जानिए इसका पूरा कानूनी तरीका
सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकायों के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र इसके पात्र हैं. खास बात यह है कि छात्र इस मेरिट-आधारित स्कॉलरशिप के साथ अन्य कल्याणकारी स्कॉलरशिप योजनाओं का लाभ भी उठा सकते हैं.
आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के जरिए किया जाएगा:
इच्छुक छात्र सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल (scholarships.gov.in) पर जाएं. वहां नए यूजर के रूप में रजिस्ट्रेशन करें और अपनी लॉगिन डिटेल्स बनाएं. इसके बाद NMMSS सेक्शन में जाकर आवेदन फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म सबमिट कर दें.
आवेदन जमा होने के बाद वेरिफिकेशन दो चरणों में होगा. पहले चरण में इंस्टीट्यूट नोडल अधिकारी (INO) 15 सितंबर 2026 तक फॉर्म जांचेंगे. इसके बाद दूसरे चरण में जिला नोडल अधिकारी (DNO) 30 सितंबर 2026 तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी करेंगे.
ये भी पढ़ें: नीट में असफलता के बाद बदली किस्मत, 21 साल की शुभांगी ने एक साथ हासिल की 5 सरकारी नौकरियां
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

