NEET-UG Re-Exam: NEET-UG पेपर लीक विवाद के बाद इस बार परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं. 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा से पहले अधिकारियों ने ऐसा सुरक्षा तंत्र तैयार किया है, जिसका मकसद किसी भी तरह की लीक, गड़बड़ी या अनधिकृत पहुंच को पूरी तरह रोकना है.
सूत्रों के मुताबिक, प्रश्नपत्र तैयार करने, उसकी समीक्षा करने और विभिन्न भाषाओं में अनुवाद करने वाले विशेषज्ञों को एक बेहद सुरक्षित और गुप्त स्थान पर रखा गया है. इन सभी लोगों को सख्त निगरानी वाले आइसोलेशन में भेज दिया गया है, जहां उनका बाहरी दुनिया से लगभग पूरा संपर्क खत्म कर दिया गया है. यह व्यवस्था परीक्षा समाप्त होने तक जारी रहेगी.
मोबाइल, इंटरनेट और स्मार्ट डिवाइस पर पूरी रोक
सुरक्षा के पहले चरण में विशेषज्ञों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य संचार उपकरणों के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है. उन्हें इंटरनेट एक्सेस भी नहीं दिया जा रहा है. यहां तक कि स्मार्टवॉच जैसे उपकरण भी साथ रखने की अनुमति नहीं है. अधिकारियों का मानना है कि किसी भी तरह की डिजिटल चूक को रोकने के लिए यह कदम बेहद जरूरी है.
पूरी प्रक्रिया को बनाया गया ‘कंपार्टमेंट सिस्टम’
इस बार प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर उसकी छपाई, पैकिंग, भंडारण और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी एक व्यक्ति या टीम के पास पूरी प्रक्रिया की जानकारी न हो. इससे सुरक्षा में सेंध लगाने की संभावना काफी कम हो जाती है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रश्नपत्रों को देशभर के परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है. हालांकि इस पर अंतिम फैसला संबंधित एजेंसियों द्वारा लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- “युवा जागे, राष्ट्र आगे”: पंच परिवर्तन के संकल्प से विकसित भारत 2047 की ओर बढ़ा मुस्लिम युवा सम्मेलन
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
केवल भौतिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि डिजिटल निगरानी भी पहले से कहीं अधिक मजबूत की गई है. व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है. अधिकारियों की कोशिश है कि कोई फर्जी पेपर, अफवाह या भ्रामक जानकारी छात्रों तक न पहुंचे.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पिछली परीक्षा के दौरान सामने आई सभी कमियों को दूर किया जाए और इस बार किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे.
21 जून को होगी परीक्षा
NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी. इसके लिए देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
पिछली परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्र तनाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे थे. ऐसे में सरकार और NTA की कोशिश है कि इस बार परीक्षा पूरी पारदर्शिता और भरोसे के साथ संपन्न हो ताकि उम्मीदवारों का विश्वास फिर से कायम किया जा सके.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

