WCL Recruitment 2026
WCL Recruitment 2026: कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की सहायक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने असिस्टेंट फोरमैन सहित कुल 444 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे शुरू हुई थी और आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. ऐसे में इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आज आवेदन कर सकते हैं.
444 पदों पर होगी भर्ती
WCL की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत माइनिंग सरदार, टी एंड एस ग्रेड-सी के 220 पद और असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी)-इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर, टी एंड एस ग्रेड-सी के 224 पद शामिल हैं.
माइनिंग सरदार के 220 पद
माइनिंग सरदार की 220 रिक्तियों में श्रेणीवार पद इस प्रकार हैं:
अनारक्षित (UR): 101 पद
ईडब्ल्यूएस: 22 पद
एससी: 24 पद
एसटी: 38 पद
ओबीसी (NCL): 35 पद
असिस्टेंट फोरमैन के 224 पद
असिस्टेंट फोरमैन के 224 पदों का श्रेणीवार विवरण:
अनारक्षित (UR): 91 पद
ईडब्ल्यूएस: 22 पद
एससी: 26 पद
एसटी: 29 पद
ओबीसी (NCL): 56 पद
माइनिंग सरदार के लिए क्या है योग्यता?
माइनिंग सरदार पद के लिए उम्मीदवार के पास डीजीएमएस (खान सुरक्षा महानिदेशालय) द्वारा जारी वैध माइनिंग सरदार सक्षमता प्रमाणपत्र, वैध गैस टेस्टिंग प्रमाणपत्र और वैध प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र होना चाहिए. साथ ही भूमिगत खदानों में 3 वर्ष का कार्य अनुभव भी जरूरी है.
इसके अलावा, सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं, बशर्ते उनके पास डीजीएमएस द्वारा जारी वैध ओवरमैन सक्षमता प्रमाणपत्र, गैस टेस्टिंग प्रमाणपत्र और प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र हो.
असिस्टेंट फोरमैन के लिए जरूरी योग्यता
असिस्टेंट फोरमैन (इलेक्ट्रिकल) पद के लिए उम्मीदवार के पास सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में कम से कम 3 वर्ष की अवधि का डिप्लोमा होना चाहिए. इसके साथ ही खदानों के लिए उपयुक्त सरकार द्वारा जारी वैध इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजरी सर्टिफिकेट भी आवश्यक है.
18 से 30 वर्ष तक के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
दोनों पदों के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि यानी 10 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
CBT और मेडिकल टेस्ट से होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले आवेदन पत्रों की जांच और सत्यापन होगा. इसके बाद कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा. परीक्षा के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग होगी, जिसके बाद दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सीय परीक्षण किया जाएगा. सभी निर्धारित चरणों में सफल उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा.
47,330 रुपये से अधिक होगी शुरुआती सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को 47,330.25 रुपये प्रति माह की शुरुआती सैलरी दी जाएगी. इसके अलावा उम्मीदवारों को कंपनी के नियमानुसार विभिन्न लाभ और भत्तों का भी लाभ मिलेगा.
कितना है आवेदन शुल्क?
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा. यूआर, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,180 रुपये निर्धारित किया गया है. वहीं, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, ईएसएम और विभागीय उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.
यह भी पढ़ें: PM Kisan 24th Installment: किसानों को कब मिलेंगे 2,000 रुपये? अक्टूबर में आ सकती है अगली किस्त
आज है आवेदन की अंतिम तारीख
WCL Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 20 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी. आवेदन की अंतिम तारीख 10 अगस्त 2026 है. इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

