नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म, कई अहम फैसलों पर लगी मुहर
Bihar Cabinet Meeting: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में रिकॉर्ड 129 फैसलों पर मुहर लगाई गई. यह बैठक चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले पटना में हुई, जिससे इन फैसलों का महत्व और बढ़ गया. बैठक में राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए डीए (Dearness Allowance) में 3% की वृद्धि की गई, जिससे अब यह 58% हो गया है. यह फैसला राज्य के लगभग 11 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ पहुंचाएगा.
स्टूडेंट क्रेडिट योजना में बदलाव होगा
इसके अलावा, स्टूडेंट क्रेडिट योजना के नियमों को और लचीला बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत अब अधिक छात्रों को लाभ मिलेगा, जिससे उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता सुनिश्चित होगी. योजना के तहत बेरोजगार छात्रों को रोजगार की तलाश में 2 साल तक प्रति माह 1 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

बिहार में बनेगा फिल्म और नाट्य संस्थान
कैबिनेट की बैठक में बिहार में फिल्म और नाट्य संस्थान बनाने की मंजूरी दी गई है. जदयू के एक नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में 129 प्रस्तावों को मंजूरी मिली है. सरकार ने बैठक में कई अहम फैसले लिए हैं. जिनमें एक फैसला है— बिहार में फिल्म और नाट्य संस्थान की स्थापना होगी.
बच्चों की स्कॉलरशिप दोगुना कर दी गई
कैबिनेट की बैठक में क्लास 1 से लेकर 10वीं तक के बच्चों की स्कॉलरशिप के लिए 3 अरब रुपए की मंजूरी दी गई है. नीतीश सरकार ने आज ही बिहार के बच्चों की स्कॉलरशिप को दोगुना कर दिया है.
कैबिनेट बैठक में कई अन्य अहम फैसले भी लिए गए, जिनमें राज्य के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव शामिल हैं. इन फैसलों से राज्य की विभिन्न योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है. बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ये फैसले राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए लिए गए हैं.

चुनाव से पहले ये फैसले राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण हैं. राज्य सरकार ने चुनावी माहौल में जनता को लाभ पहुंचाने वाले फैसले लेने की कोशिश की है. विपक्षी पार्टियों ने इन फैसलों को चुनावी स्टंट करार दिया है, लेकिन सरकार का दावा है कि ये फैसले लंबे समय से लंबित थे और जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं.
यह भी पढ़िए: PM मोदी का युवा सशक्तिकरण मिशन: 4 अक्टूबर को 62,000 करोड़ की परियोजनाएं करेंगे लॉन्च, बिहार में आएगी स्किलिंग क्रांति
Also Follow Bharat Express on X
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



