Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव के बीच सीतामढ़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए की रैली को संबोधित किया और तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाली आरजेडी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि आरजेडी बच्चों के दिमाग में जहर भर रही है और चाहती है कि बिहार के बच्चे रंगदारी मांगने वाले बनें. जबकि एनडीए युवाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए काम कर रहा है.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि समस्तीपुर की एक घटना चौंकाने वाली थी जहां आरजेडी की रैली में एक नाबालिग ने मंच से कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो वे कट्टा लेकर घूम सकेंगे. उन्होंने इसे ‘जंगलराज’ की सोच बताया और कहा कि जंगलराज का मतलब कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और भ्रष्टाचार है.
बच्चों के लिए पीएम का संदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों को अब स्टार्टअप के सपने देखने चाहिए, न कि ‘हाथ ऊपर करो’ वाली सोच अपनानी चाहिए. पहले बिहार में कट्टा लेकर लोगों से ‘हाथ ऊपर करो’ कहने का चलन था लेकिन एनडीए बच्चों को किताबें, कंप्यूटर और लैपटॉप दे रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी अपने बच्चों को मंत्री बनाना चाहती है लेकिन दूसरों के बच्चों को रंगदार बनाना चाहती है.
ये भी पढ़ें-बिहार में सत्ता की चाबी: 10 सीटों पर कांटे की टक्कर, जानें 2020 में क्या थी स्थिति?
65 वोल्ट का झटका
इसी कड़ी में उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद जंगलराज के नेताओं को ’65 वोल्ट का झटका’ लगा है. उन्होंने दावा किया कि बिहार के युवाओं ने विकास को चुना है और एनडीए को समर्थन दिया है. यह चुनाव तय करेगा कि बिहार के बच्चों का भविष्य कैसा होगा.
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने जनता का विश्वास फिर से स्थापित किया है. निवेशक अब बिहार आना चाहते हैं और यह उनकी ‘मोदी की गारंटी’ है कि बिहार विकसित बनेगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

