Bharat Express DD Free Dish

NDA के प्रदर्शन पर BJP शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई, कहां- ऐतिहासिक जनादेश

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election Result) 2025 में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई संदेश साझा किए. उत्तराखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने इस जनादेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और ‘डबल इंजन सरकार’ में जनता के विश्वास का परिणाम बताया.

BJP-CM-s-reaction-on-NDA-win-in-bihar-election-2025

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए के शानदार प्रदर्शन पर पार्टी समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है. इसी बीच भाजपा शासित राज्यों से बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है. कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बिहार में एनडीए के प्रदर्शन को ‘डबल इंजन’ पर जनता की मुहर बताया है.

मोदीमय हुआ बिहार- उत्तराखंड CM

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “मोदीमय हुआ बिहार. बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण राष्ट्र में हो रहे विकास के महायज्ञ का प्रतिफल है. यह परिणाम स्पष्ट संदेश है कि बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करती. ”

प्रचंड बहुमत पर बधाई- महाराष्ट्र CM

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने X पोस्ट में लिखा, “बिहार का ऐतिहासिक जनादेश. जनता ने फिर चुना विकास और सुशासन. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में, बिहार में एनडीए की प्रचंड व अभूतपूर्व जीत के लिए बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल, बिहार के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई और मतदाताओं का हृदय से अभिनंदन एवं आभार.”

कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई- यूपी CM

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए गठबंधन की प्रचंड विजय के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं जनता-जनार्दन का अभिनंदन. यह ऐतिहासिक विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुख मार्गदर्शन और डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के अटूट विश्वास की मुहर है. यह जनादेश विकास, सुशासन, समृद्धि और स्थिरता के उस मार्ग का समर्थन है, जिस पर नया बिहार आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है.”

एंटी इंकम्बेंसी मिथक को भी तोड़ा- छत्तीसगढ़ CM

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखा, “दुनिया को लोकतंत्र की शिक्षा देने वाले बिहार का जनादेश, लोकतंत्र और सुशासन की जीत है. बिहार की जनता ने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बार अन्य तमाम चुनावों से अधिक बड़ी जीत देकर चुना है. ऐसा देखा जाता है कि कई बार सत्ता में रहने के बाद सत्ताधारी दल को ‘एंटी इंकम्बेंसी’ झेलनी पड़ती है. भाजपा शासित राज्यों ने इस मिथक को भी तोड़ दिया है. भाजपा नीत गठबंधन ने यह साबित किया है कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरकर आप बार-बार आशीर्वाद पा सकते हैं. बिहार की जनता को धन्यवाद. बिहार में भी डबल इंजन की सरकार आगे और तेजी से प्रदेश का विकास करे, यही शुभकामना है.”

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read