Bharat Express DD Free Dish

तमिलनाडु के सीएम के रूप में विजय ने ली शपथ, गैर-द्रविड़ सरकार की वापसी; TVK के 9 विधायक बने मंत्री

Vijay CM oath: तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राहुल गांधी समारोह में मौजूद रहे. विजय के साथ 9 विधायक मंत्री बने.

Vijay CM oath: चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आज सुबह तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख और अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने शपथ दिलाई. इस मौके पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहे.

मंत्रिमंडल के नए चेहरे

विजय के साथ उनकी पार्टी के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेकर नए मंत्रिमंडल का हिस्सा बने. इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना शामिल हैं. सहयोगी दलों के किसी विधायक को फिलहाल मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है.

समर्थन पत्र के बाद सरकार बनाने का न्योता

शनिवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML समेत कुल 121 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे. इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण दिया.

चुनावी जीत और बहुमत का आंकड़ा

टीवीके ने अपने पहले विधानसभा चुनाव में 234 में से 108 सीटें जीती थीं. विजय के पास अब 121 विधायकों का समर्थन है, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटें जरूरी थीं. इस तरह विजय ने बहुमत हासिल कर लिया और मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

ये भी पढ़ें-चार बार लोकभवन की दौड़, पांच दलों का समर्थन और छठे दिन विजय की सरकार बनने की कहानी…

60 साल बाद गैर-द्रविड़ दल का मुख्यमंत्री

तमिलनाडु की राजनीति में यह ऐतिहासिक बदलाव है. 1967 के बाद पहली बार कोई गैर-द्रविड़ दल का नेता मुख्यमंत्री बना है. इससे पहले 1963 से 1967 तक कांग्रेस के एम. भक्तवत्सलम मुख्यमंत्री रहे थे.

लेडी लक बनीं तृषा

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के शपथ ग्रहण समारोह में उनकी करीबी दोस्त और मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी शामिल हुईं. विजय की राजनीतिक यात्रा में तृषा को अक्सर उनकी ‘लेडी लक’ कहा जाता है और आज उन्होंने नेहरू स्टेडियम पहुंचकर इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनना तय किया.

तृषा ने क्या कहा?

घर से निकलते समय मीडिया ने तृषा से बातचीत की. जब उनसे कहा गया कि आज तमिलनाडु के लिए बड़ा दिन है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि मैं इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रही थी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read