बॉलीवुड के दिग्गज और अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर एक्टर पीयूष मिश्रा के फैंस के लिए एक चिंताजनक खबर सामने आई है. पीयूष मिश्रा अपने ही घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गए हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. इस हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया है. डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें सख्त बेड रेस्ट की सलाह दी है.
प्रमोशनल इवेंट में नहीं पहुंच सके एक्टर
यह दुखद हादसा उस वक्त सामने आया जब एक्टर अपनी आने वाली कॉमेडी-फैमिली ड्रामा फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ के प्रमोशनल इवेंट में शामिल नहीं हो पाए. मंगलवार को आयोजित इस इवेंट में उनकी अनुपस्थिति के बाद फिल्म के डायरेक्टर आकाशादित्य लामा ने हादसे की पुष्टि की.
डायरेक्टर ने बताया कि उन्हें रात में पीयूष मिश्रा के मैनेजर का फोन आया था. मैनेजर ने जानकारी दी कि सर बाथरूम में फिसल गए हैं और उनके हाथ की हड्डी टूट गई है. डॉक्टरों ने साफ कह दिया है कि उन्हें फिलहाल बेड रेस्ट पर ही रहना होगा.
स्वास्थ्य ठीक न होने पर भी काम में जुटे थे
आकाशादित्य लामा के मुताबिक, पीयूष जी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी कई तरह की दिक्कतों से जूझ रहे थे. इसके बावजूद वह अपनी पेशेवर प्रतिबद्धता निभाते हुए फिल्म के प्रमोशन में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार थे. लेकिन इस अप्रत्याशित हादसे के बाद उनके लिए बेड से उठ पाना भी काफी मुश्किल हो गया है.
बता दें कि फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ इसी महीने 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. 16 जुलाई को जारी हुए इसके ट्रेलर को दर्शकों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला था. फिल्म में पीयूष मिश्रा के अलावा खुशाली कुमार, महेश मांजरेकर और ओंकार कपूर जैसे बेहतरीन कलाकार नजर आने वाले हैं. फिलहाल, उनके तमाम फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ‘नोलन एक साल पहले डेट देते हैं…’ नागार्जुन ने टॉलीवुड की प्लानिंग पर उठाए तीखे सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

