मुंबई के जुहू इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार की जमकर तारीफ करवा दी है. अक्सर हम फिल्मों में देखते हैं कि हीरो लोगों की जान बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा देता है. जुहू की सड़कों पर अक्षय ने भी कुछ ऐसा ही किया, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से से कम नहीं था. आइए जानते हैं आखिर क्या हुआ.
अक्षय की कार और ऑटो में भिड़ंत
दरअसल, मुक्तेश्वर रोड के पास अक्षय कुमार के सुरक्षा काफिले की एक गाड़ी और एक ऑटोरिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. यह हादसा इतना भीषण था कि ऑटोरिक्शा सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए. लेकिन खास बात यह रही कि हादसा होते ही अक्षय कुमार मूकदर्शक नहीं बने रहे, बल्कि उन्होंने तुरंत अपनी कार रुकवाई और घायलों की मदद के लिए जमीन पर उतर आए.
कैसे और कब हुआ यह हादसा?
यह पूरी घटना उस समय हुई जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ विदेश यात्रा से लौट रहे थे. वे एयरपोर्ट से सीधे जुहू स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे. अक्षय और ट्विंकल एक अलग गाड़ी में सवार थे, जबकि उनके पीछे सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ का काफिला चल रहा था. मुक्तेश्वर रोड पर अचानक पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार और ऑटोरिक्शा के बीच टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटोरिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह बीच सड़क पर पलट गया. इस हादसे में ऑटो ड्राइवर और उसमें सवार एक यात्री को गंभीर चोटें आई हैं.
जब खुद अक्षय ने उठाया पलटा हुआ ऑटो
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई. जैसे ही अक्षय कुमार को अहसास हुआ कि उनके काफिले की गाड़ी से कोई दुर्घटना हुई है, उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपनी कार रुकवाई. अक्षय कुमार खुद गाड़ी से बाहर निकले और अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए. चश्मदीदों के मुताबिक, अक्षय ने खुद अपने हाथों से पलटे हुए ऑटोरिक्शा को सीधा करने में मदद की और उसमें फंसे लहूलुहान ड्राइवर और यात्री को बाहर निकाला. वहां मौजूद लोग अक्षय की फुर्ती और संवेदनशीलता देखकर हैरान रह गए. आम तौर पर बड़े सितारे ऐसी स्थितियों में सुरक्षा कारणों से गाड़ी से बाहर नहीं निकलते, लेकिन अक्षय ने इंसानियत को सबसे ऊपर रखा.
घायलों की स्थिति
हादसे में घायल हुए दोनों लोगों की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अक्षय कुमार ने मौके पर तब तक रुकना मुनासिब समझा जब तक कि घायलों को प्राथमिक उपचार और मदद नहीं मिल गई. मुक्तेश्वर रोड पर हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: Parveen Babi: ‘अमर अकबर एंथोनी’ से ‘नमक हलाल’ तक, जब अमिताभ बच्चन संग रोमांस कर खींचा लोगों का ध्यान
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



