Bharat Express DD Free Dish

धर्मेंद्र को अंतिम विदाई देने पहुंचे बॉलीवुड सितारे, सनी देओल के घर उमड़ी फिल्मी जगत की हस्तियां

धर्मेंद्र के निधन से बॉलीवुड में शोक का माहौल है. सोमवार शाम सनी देओल के जुहू निवास पर कई बॉलीवुड सितारे पहुंचे. सभी ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी और देओल परिवार को सांत्वना दी.

dharmendra tribute, bollywood celebrities

Dharmendra Tribute: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को गहरे शोक में डाल दिया है. सोमवार को पवन हंस शवदाह गृह में उनके अंतिम संस्कार के बाद देर शाम से लेकर रात तक, उनके बड़े बेटे सनी देओल के जुहू स्थित घर पर लगातार सितारों का आना-जाना लगा रहा. हर कोई इस महान कलाकार को अंतिम विदाई देने वहां पहुंचा और देओल परिवार को सांत्वना दी.

शत्रुघ्न सिन्हा से लेकर ऋतिक तक पहुंचे सितारे

दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पत्नी पूनम सिन्हा शामिल देओल परिवार से मिलने पहुंचे रहे. दोनों ने सनी देओल के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की.

रात होते-होते कई और सितारे भी जुहू स्थित देओल निवास पहुंचे. ऋतिक रोशन को भी घर के बाहर स्पॉट किया गया. उन्होंने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि अर्पित की और कुछ समय परिवार के साथ बिताया.

आलिया-रणबीर, जीतेंद्र और वरुण धवन भी दिखे

धर्मेंद्र के साथ रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में काम कर चुकीं आलिया भट्ट भी अपनी भावनाएं रोक नहीं पाईं. वे अपने पति रणबीर कपूर के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंचीं.

वेटरन एक्टर जीतेंद्र भी देओल परिवार का दुख बांटने आए. वहीं वरुण धवन ने भी पहुंचकर इस आइकॉनिक अभिनेता को सम्मानपूर्वक विदाई दी.

कई और कलाकारों ने जताया दुख

एक्ट्रेस कृति सेनन को भी देओल परिवार के घर के बाहर देखा गया. उन्होंने वहीं पहुंचकर प्रार्थना की और परिवार से मुलाकात की. इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह अपने पति जैकी भगनानी के साथ शोक व्यक्त करने पहुंचीं.

वहीं करिश्मा कपूर भी शुरुआती मेहमानों में शामिल थीं. कपूर और देओल परिवार के पुराने रिश्तों को देखते हुए करिश्मा का पहुंचना स्वाभाविक था.

पांडे परिवार भी पहुंचा

सैफ अली खान भी सनी देओल के घर पहुंचे. उन्होंने मीडिया से दूरी रखते हुए परिवार से शांतिपूर्वक मुलाकात की. वहीं यंग स्टार शनाया कपूर ने भी धर्मेंद्र के लिए प्रार्थना की और चुपचाप घर के अंदर चली गईं.

फराह खान, जो देओल परिवार के बेहद करीब रही हैं, इस कठिन समय में उनका साथ देने पहुंचीं. अनन्या पांडे अपने पिता चंकी पांडे के साथ पहुंचीं. दोनों ने दिवंगत अभिनेता के लिए श्रद्धा व्यक्त की.

अजय देवगन, अनु मलिक और रवि किशन भी पहुंचे

अजय देवगन भी रात में देओल परिवार से मिलने आए. उन्होंने कई बार धर्मेंद्र के स्वभाव और विनम्रता की तारीफ की है. म्यूजिक डायरेक्टर अनु मलिक भी दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे.

इसके अलावा राजनीति से जुड़ी हस्तियां भी देओल परिवार से मिलने पहुंची. अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए धर्मेंद्र को नम आंखों से याद किया. डायरेक्टर जोड़ी अब्बास-मस्तान और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला भी सनी देओल के घर पहुंचे. हर कोई धर्मेंद्र जैसे दिग्गज कलाकार को अपनी-अपनी तरह से अंतिम सलाम दे रहा था.

ये भी पढ़ें- 1962 War: जब धर्मेंद्र ने स्क्रीन पर दिखाया सैनिक का जज्बा, हर एक की आंखें हो गई थीं नम

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read